Movie prime

कौन हैं कृष्ण मोहन? पूर्व आईएफएस अधिकारी जिन्हें मिली रामजन्मभूमि ट्रस्ट की कमान
 

 
 कौन हैं कृष्ण मोहन? पूर्व आईएफएस अधिकारी जिन्हें मिली रामजन्मभूमि ट्रस्ट की कमान
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले के बाद श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक में बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया गया। ट्रस्ट ने वरिष्ठ ट्रस्टी कृष्ण मोहन को नए महासचिव की नियुक्ति तक अंतरिम महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, मामले के बाद विवादों में आए चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्र के इस्तीफे भी बैठक में स्वीकार कर लिए गए।

कृष्ण मोहन भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। वर्तमान में वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पूर्वी उत्तर प्रदेश के संघ चालक के रूप में दायित्व निभा रहे हैं। ट्रस्ट के अनुसार, नियमित महासचिव की नियुक्ति होने तक वे महासचिव के सभी कार्यों का संचालन करेंगे।

बैठक में ट्रस्ट के लिए नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के चयन की प्रक्रिया भी शुरू की गई। इसके लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है, जिसमें न्यायाधीश (सेवानिवृत्त) प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) विष्णुकांत चतुर्वेदी और सुरेश हावड़े शामिल हैं। समिति योग्य उम्मीदवारों के नाम ट्रस्ट को सौंपेगी।

गौरतलब है कि राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी का मामला पहली बार 5 जून को सामने आया था। इसके बाद 13 जून को विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। अब तक की जांच में आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और इस संबंध में मुकदमा भी दर्ज है। पुलिस और एसआईटी दोनों मामले की जांच में जुटी हुई हैं।