कौन थे मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव? राजनीति से दूर रहकर बनाई अलग पहचान
समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का लखनऊ में निधन हो गया। उन्हें सिविल अस्पताल में मृत ही लाया गया था। राजनीति से दूर रहने वाले प्रतीक रियल एस्टेट कारोबारी और फिटनेस प्रेमी के तौर पर जाने जाते थे।
Prateek Yadav Death News: उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन हो गया है। जानकारी के मुताबिक उन्हें बुधवार को लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के सामने आते ही राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रतीक यादव भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति थे। हालांकि वह हमेशा सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए रखते थे और बिजनेस तथा फिटनेस की दुनिया में अपनी अलग पहचान रखते थे। उनके निधन की खबर ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है।
दरअसल, प्रतीक यादव पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। वह समाजवादी पार्टी अध्यक्ष Akhilesh Yadav के सौतेले भाई थे। उनका जन्म 7 जुलाई 1987 को हुआ था। मुलायम सिंह यादव की पहली पत्नी मालती देवी थीं, जिनसे अखिलेश यादव का जन्म हुआ था। लंबे समय तक मुलायम सिंह यादव ने अपने पारिवारिक जीवन को सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आने दिया था, लेकिन बाद में उन्होंने इस संबंध को स्वीकार किया था।
प्रतीक यादव की शुरुआती पढ़ाई लखनऊ के प्रतिष्ठित सिटी मॉन्टेसरी स्कूल से हुई थी। इसके बाद उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से बीकॉम की डिग्री हासिल की। उच्च शिक्षा के लिए वह लंदन गए, जहां उन्होंने लीड्स यूनिवर्सिटी से एमबीए किया। परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि होने के बावजूद उन्होंने राजनीति में आने के बजाय कारोबार की राह चुनी।
जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े हुए थे। उन्हें लग्जरी कारों और फिटनेस का काफी शौक था। वह बॉडी बिल्डिंग और जिम ट्रेनिंग में भी रुचि रखते थे। लखनऊ में उनका ‘द फिटनेस प्लैनेट’ नाम से जिम भी संचालित होता था, जिसकी शहर में अच्छी पहचान मानी जाती थी।
प्रतीक यादव और अपर्णा यादव की शादी साल 2012 में हुई थी। दोनों लंबे समय तक रिलेशनशिप में रहने के बाद विवाह बंधन में बंधे थे। अपर्णा यादव ने 2017 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर लखनऊ कैंट सीट से चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा। बाद में वह 2022 में भाजपा में शामिल हो गईं। हाल के दिनों में दोनों के रिश्तों को लेकर तलाक की चर्चाएं भी सामने आई थीं, लेकिन प्रतीक यादव ने खुद इन खबरों का खंडन किया था।
फिलहाल प्रतीक यादव के निधन के बाद यादव परिवार और उनके करीबियों में गहरा शोक है। उनके निधन के कारणों को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
