Movie prime

पश्चिम बंगाल में कौन बनेगा भाजपा का मुख्यमंत्री? 9 मई को शपथ ग्रहण
 

 
पश्चिम बंगाल में कौन बनेगा भाजपा का मुख्यमंत्री? 9 मई को शपथ ग्रहण
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

कोलकाता I पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद अब राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने घोषणा की है कि राज्य में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को आयोजित किया जाएगा। इस ऐलान के साथ ही राज्य में नई सरकार के गठन की तैयारियां तेज हो गई हैं।

समिक भट्टाचार्य ने चुनाव में भागीदारी को लेकर प्रवासी मजदूरों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने तमाम कठिनाइयों के बावजूद अपने खर्च पर यात्रा कर मतदान किया। उन्होंने ऐसे मतदाताओं को लोकतंत्र का सच्चा नायक बताते हुए उन्हें सलाम किया। उन्होंने यह भी बताया कि टोरंटो, डलास, सिलिकॉन वैली, कोपेनहेगन, जर्मनी और यूके जैसे स्थानों से भी लोग वोट डालने पहुंचे।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल सरकार या मुख्यमंत्री बदलना नहीं है, बल्कि राज्य के पूरे राजनीतिक माहौल को बदलना है। उनके अनुसार, वर्तमान माहौल सामाजिक दबाव से प्रभावित रहा है और पार्टी इसे संतुलित एवं विविधतापूर्ण बनाना चाहती है। उन्होंने ‘डबल इंजन सरकार’ की बात दोहराते हुए कहा कि पार्टी का घोषणापत्र केंद्र और राज्य के समन्वय से तैयार किया गया है, जिसमें प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की भी भागीदारी रही है।

चुनाव परिणामों की बात करें तो 294 सीटों वाली पश्चिम बंगाल विधानसभा में तृणमूल कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है। पार्टी को केवल 80 सीटें मिली हैं, जबकि पिछले चुनाव में उसने 215 सीटें जीती थीं।

राज्य में दो चरणों में मतदान हुआ था। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर और दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर वोट डाले गए। चुनाव आयोग के अनुसार, पहले चरण में 93.19 प्रतिशत और दूसरे चरण में 92.67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कुल मिलाकर राज्य में 92.93 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ, जो देश में एक नया रिकॉर्ड माना जा रहा है।