प्रेमिका के साथ रहने की चाह में पत्नी की हत्या, प्रसाद बताकर पिलाया जहर; पति गिरफ्तार
बेलगावी। कर्नाटक के बेलगावी जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका के साथ जीवन बिताने की चाह में अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, गोकाक तालुक के शिंडिकुराबेट गांव निवासी संतोष पटायात ने अपनी पत्नी सक्कुबाई पटायात को बेलहोंगल तालुक स्थित मारकुम्बी गांव के चामुंडेश्वरी मंदिर दर्शन के लिए ले गया था। आरोप है कि मंदिर से लौटते समय उसने एक सॉफ्ट ड्रिंक में चूहे मारने का जहर और चूड़ियों का चूरा मिलाकर उसे प्रसाद बताकर पिला दिया।
बेहोश होने पर गला घोंटकर हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि जहरीला पेय पीने के बाद जब सक्कुबाई बेहोश होने लगी तो संतोष ने सड़क किनारे उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव के ऊपर मोटरसाइकिल गिराकर पूरे मामले को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की।
बताया गया कि आरोपी कई घंटों तक घटनास्थल के आसपास ही मौजूद रहा और बाद में खुद पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर घटना की सूचना दी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला राज
मौत की परिस्थितियों पर संदेह होने के कारण पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बेलगावी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (BIMS) भेजा। शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हत्या पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने संतोष से सख्ती से पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह अपनी प्रेमिका के साथ बाकी जिंदगी बिताना चाहता था, इसलिए उसने पत्नी को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
चार साल से विधवा महिला से था संबंध
पुलिस के मुताबिक, संतोष और सक्कुबाई की शादी करीब नौ वर्ष पहले हुई थी। जांच में यह भी सामने आया कि संतोष पिछले चार वर्षों से अपने ही गांव की एक विधवा महिला के साथ प्रेम संबंध में था।
जेल भेजा गया आरोपी, प्रेमिका की भूमिका की जांच जारी
पुलिस ने आरोपी संतोष पटायात को गिरफ्तार कर हिंडालगा जेल भेज दिया है। वहीं, जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हत्या की साजिश में आरोपी की प्रेमिका की कोई भूमिका थी या नहीं।
