Movie prime

क्या बीजेपी छोड़ेंगे अन्नामलाई? अमित शाह से मुलाकात के बाद अटकलें तेज

 
क्या बीजेपी छोड़ेंगे अन्नामलाई? अमित शाह से मुलाकात के बाद अटकलें तेज
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

New Delhi/Chennai : तमिलनाडु भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई के पार्टी से इस्तीफा देने की अटकलें तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, अन्नामलाई ने हाल ही में नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की है। चर्चाएं हैं कि वह शुक्रवार (5 जून) को भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं।

सूत्रों के अनुसार, अन्नामलाई जल्द ही दिल्ली से तमिलनाडु रवाना होंगे और इसके बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपनी राजनीतिक भूमिका को लेकर पार्टी नेतृत्व के समक्ष कुछ मुद्दे उठाए हैं, हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

शीर्ष नेतृत्व से की महत्वपूर्ण मुलाकातें

मंगलवार को अन्नामलाई ने नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अलग-अलग मुलाकात की। इन बैठकों में तमिलनाडु की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और पार्टी में उनकी भविष्य की भूमिका पर चर्चा होने की बात कही जा रही है।

राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि तमिलनाडु में हालिया चुनावी परिदृश्य और भाजपा के अपेक्षित प्रदर्शन न कर पाने के बाद अन्नामलाई की नाराजगी की चर्चाएं सामने आई हैं। वहीं अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के उभार ने भी राज्य की राजनीति में नए समीकरण पैदा किए हैं।

भविष्य की भूमिका पर बना हुआ है सस्पेंस

इस वर्ष की शुरुआत में तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष पद छोड़ने के बाद से अन्नामलाई की राजनीतिक भूमिका को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, भाजपा नेतृत्व और अन्नामलाई दोनों की ओर से अब तक किसी भी संभावित इस्तीफे या भविष्य की रणनीति को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

ऐसे में अब सबकी नजरें शुक्रवार को संभावित प्रेस कॉन्फ्रेंस और भाजपा नेतृत्व की प्रतिक्रिया पर टिकी हुई हैं।