क्या नीतीश कुमार बनेंगे देश के डिप्टी पीएम? अब JDU ने भी उठा दी बड़ी मांग
Patna : बिहार की राजनीति में एक नया राजनीतिक मुद्दा सामने आया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के बाद अब जनता दल (यूनाइटेड) यानी JDU की ओर से भी पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को केंद्र में बड़ी जिम्मेदारी देने और उन्हें उप-प्रधानमंत्री (डिप्टी पीएम) बनाए जाने की मांग उठी है।
JDU विधायक ने रखी मांग
JDU विधायक पंकज मिश्रा ने कहा कि नीतीश कुमार का लंबा राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव देश के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार करीब 20 वर्षों तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे हैं और इससे पहले केंद्र सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं। ऐसे में उन्हें डिप्टी पीएम बनाकर उनके अनुभव का लाभ देश को मिलना चाहिए।
पंकज मिश्रा ने दावा किया कि बिहार की जनता भी चाहती है कि नीतीश कुमार को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी मिले।
RJD ने भी किया समर्थन
इससे पहले RJD के वरिष्ठ नेता मुकेश रोशन ने भी नीतीश कुमार को केंद्र में महत्वपूर्ण भूमिका दिए जाने की वकालत की थी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को उप-प्रधानमंत्री बनाया जाना चाहिए और उन्हें रेलवे तथा कृषि जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी भी दी जानी चाहिए।
मुकेश रोशन ने कहा कि यदि ऐसा होता है तो यह बिहार के लिए सम्मान और गौरव की बात होगी।
राजनीतिक चर्चा तेज
JDU और RJD जैसे अलग-अलग राजनीतिक दलों की ओर से नीतीश कुमार को डिप्टी पीएम बनाए जाने की मांग सामने आने के बाद बिहार की राजनीति में इस मुद्दे पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, केंद्र सरकार या NDA की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
