Movie prime

शिवाजी जयंती पर शिवनेरी में बेकाबू भीड़, भगदड़ जैसे हालात में महिलाएं-बच्चे घायल; प्रशासन पर उठे सवाल

 
 शिवाजी जयंती पर शिवनेरी में बेकाबू भीड़, भगदड़ जैसे हालात में महिलाएं-बच्चे घायल; प्रशासन पर उठे सवाल
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

पुणे I छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती के अवसर पर महाराष्ट्र के शिवनेरी किला में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। देर रात से ही लोगों का आना शुरू हो गया था और सुबह तक किले परिसर में जबरदस्त भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान अफरा-तफरी और भगदड़ जैसे हालात बन गए, जिसमें महिलाओं और बच्चों समेत कई लोग घायल हो गए।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भीड़ बढ़ने के साथ ही किले के संकरे मार्गों पर दबाव बढ़ गया। अंबरखाना के नीचे स्थित हाथी दरवाजा और गणेश दरवाजा जैसे रास्तों पर अचानक अत्यधिक भीड़ पहुंचने से हालात बिगड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ समय के लिए लोगों में घबराहट फैल गई, जिससे धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।

पुणे पुलिस के जवानों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की और घायलों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। हालांकि, लोगों की संख्या अधिक होने के कारण हालात संभालना चुनौतीपूर्ण साबित हुआ।

बताया जा रहा है कि जुन्नर तालुका में स्थित इस ऐतिहासिक स्थल पर हर साल शिवजयंती के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। इसके बावजूद पर्याप्त पुलिस बल और भीड़ प्रबंधन की ठोस व्यवस्था न होने को लेकर प्रशासन की तैयारी पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसे बड़े आयोजनों के लिए पहले से ही प्रवेश और निकास मार्गों की समुचित योजना, सुरक्षा घेरा और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।