Movie prime

कॉकरोच जनता पार्टी पर बैन से भड़के योगेंद्र यादव, बोले- सरकार अंदर से डरी हुई है

 
कॉकरोच जनता पार्टी पर बैन से भड़के योगेंद्र यादव, बोले- सरकार अंदर से डरी हुई है
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

New Delhi : योगेंद्र यादव ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के सोशल मीडिया अकाउंट पर कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जो सरकार एक चुटकुला तक बर्दाश्त नहीं कर पा रही है, वह खुद ही “चुटकुला” बन चुकी है।

योगेंद्र यादव ने कहा कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर लगाया गया प्रतिबंध इस बात का संकेत है कि सरकार बाहर से भले ही मजबूत दिखती हो, लेकिन अंदर से बेहद घबराई हुई और कमजोर है। उन्होंने कहा, “जो सरकार चुटकुला नहीं सह पा रही, इसका मतलब है कि वो खुद एक चुटकुला है। यह कार्रवाई दिखाती है कि सत्ता के भीतर डर और असुरक्षा बढ़ रही है।”

उन्होंने कहा कि ‘कॉकरोच’ केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि देश के युवाओं और युवतियों के गुस्से और असंतोष का प्रतीक बन चुका है। योगेंद्र यादव ने इसे एक “मोमेंट” बताते हुए कहा कि अब लोगों की जिम्मेदारी है कि वे अभिव्यक्ति की आजादी और लोकतांत्रिक अधिकारों के समर्थन में खड़े हों।

योगेंद्र यादव ने लोगों से अपील की कि वे ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के इंस्टाग्राम अकाउंट को फॉलो करें और इस अभियान को समर्थन दें। हालांकि, उन्होंने समर्थकों से संयम बनाए रखने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि कोई ऐसी हरकत नहीं होनी चाहिए जिससे सरकार को कार्रवाई का बहाना मिल सके।उन्होंने कहा कि सरकार बहाने की तलाश में होगी। हमें ऐसा कोई मौका नहीं देना है। शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना ही सबसे बड़ा जवाब होगा।