Movie prime

योगी आदित्यनाथ ने बंगाल प्रचार से पहले जनता दर्शन में जनसमस्याएं सुनीं, बच्चों को लुटाया स्नेह
 

 
 योगी आदित्यनाथ ने बंगाल प्रचार से पहले जनता दर्शन में जनसमस्याएं सुनीं, बच्चों को लुटाया स्नेह
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली। योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन पश्चिम बंगाल रवाना होने से पहले जनसेवा का संकल्प निभाया। सोमवार सुबह आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने एक-एक फरियादी से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना, प्रार्थना पत्र लिए और संबंधित अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। खासतौर पर राजस्व और पुलिस से जुड़ी शिकायतों पर उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी प्रकार की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पीड़ितों को समाधान की सूचना देना अनिवार्य होगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कुछ फरियादियों से पूछा कि क्या उन्होंने अपने जिले के अधिकारियों से संपर्क किया है। जब कई लोगों ने ‘नहीं’ में जवाब दिया, तो उन्होंने सलाह दी कि भीषण गर्मी में अनावश्यक रूप से परेशान होने के बजाय पहले अपने जनपद के अधिकारियों से संपर्क करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर स्तर पर सुनवाई होगी और उचित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही, लोगों से गर्मी में अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की अपील भी की।

‘जनता दर्शन’ में एक भावुक दृश्य तब देखने को मिला जब मुख्यमंत्री ने बच्चों पर स्नेह लुटाया। परिजनों के साथ आए बच्चों को उन्होंने चॉकलेट दी और आशीर्वाद भी दिया। एक बच्चे की मुस्कान ने पूरे माहौल को खुशनुमा बना दिया।