Zomato के फाउंडर दीपिंदर गोयल ने दिया इस्तीफा, नए लीडर को सौंपी कमान
नई दिल्ली I ज़ोमैटो की पैरेंट कंपनी Eternal लिमिटेड में बड़ा लीडरशिप बदलाव हुआ है। कंपनी के फाउंडर दीपिंदर गोयल ने ग्रुप CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर के पद से इस्तीफा दे दिया है। यह बदलाव 1 फरवरी 2026 से प्रभावी होगा। इस्तीफे के बाद दीपिंदर गोयल बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में वाइस चेयरमैन के रूप में बने रहेंगे, जिसके लिए शेयरहोल्डर्स की मंजूरी जरूरी होगी।
उनकी जगह ब्लिंकिट के मौजूदा CEO अल्बिंदर सिंह ढींडसा (अल्बी) को Eternal का नया ग्रुप CEO नियुक्त किया गया है। अल्बिंदर ढींडसा ब्लिंकिट को खरीदने से लेकर इसे ब्रेक-ईवन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा चुके हैं। कंपनी के अनुसार, ब्लिंकिट अब भी टॉप प्रायोरिटी बना रहेगा और अल्बिंदर ढींडसा ऑपरेटिंग प्राथमिकताओं तथा बिजनेस फैसलों की जिम्मेदारी संभालेंगे।
दीपिंदर गोयल ने शेयरहोल्डर्स को लिखे पत्र में कहा कि हाल ही में मुझे कुछ नई विचारों की ओर आकर्षण महसूस हुआ है, जिनमें ज्यादा रिस्क लेने की जरूरत है। ये प्रयोग पब्लिक कंपनी के स्ट्रक्चर के बाहर बेहतर तरीके से किए जा सकते हैं। इसलिए मैं ग्रुप CEO का पद छोड़ रहा हूं। Eternal को ऐसे लीडर की जरूरत है जो मुख्य बिजनेस पर फोकस करे और अनुशासित तरीके से काम करे।" उन्होंने Eternal को अपना जीवन का काम बताया और कहा कि वे अल्बिंदर, अक्षांत और टीम के साथ मिलकर काम करते रहेंगे।
Q3 FY26 के मजबूत नतीजे
Eternal ने मौजूदा वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर 2025) के नतीजे भी जारी किए, जो बेहद शानदार रहे। कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट 73% बढ़कर 102 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 59 करोड़ रुपये था।
रेवेन्यू में भारी उछाल आया - ऑपरेशंस से रेवेन्यू 201% बढ़कर 16,315 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि पिछले साल यह 5,405 करोड़ रुपये था। यह ग्रोथ मुख्य रूप से क्विक कॉमर्स बिजनेस (ब्लिंकिट) में इन्वेंटरी ओनरशिप मॉडल के बदलाव और मजबूत डिमांड से आई है।
यह लीडरशिप ट्रांजिशन और मजबूत तिमाही नतीजे Eternal के लिए एक नई शुरुआत का संकेत देते हैं, जहां क्विक कॉमर्स पर फोकस बढ़ेगा। कंपनी के शेयरों में भी आज कारोबार के दौरान उछाल देखा गया।
