Movie prime

बांकीपुर उपचुनाव: जनशक्ति जनता दल की उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन रद्द, तेज प्रताप यादव बोले- यह साजिश है, कोर्ट जाएंगे
 

 
 बांकीपुर उपचुनाव: जनशक्ति जनता दल की उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन रद्द, तेज प्रताप यादव बोले- यह साजिश है, कोर्ट जाएंगे
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

पटना: बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनशक्ति जनता दल (JJD) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी की उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन पत्र निर्वाचन अधिकारियों ने रद्द कर दिया है। नामांकन निरस्त होने की सूचना मिलते ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव पटना कलेक्ट्रेट पहुंचे और निर्वाची पदाधिकारी से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली।

निर्वाची पदाधिकारी से मुलाकात के बाद तेज प्रताप यादव ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि उनकी पार्टी की उम्मीदवार के खिलाफ साजिश की गई है। उन्होंने कहा कि जानबूझकर वीणा मानवी का नामांकन रद्द कराया गया है। तेज प्रताप ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और इस फैसले को अदालत में चुनौती दी जाएगी।

उन्होंने कहा, "हम कोर्ट जाएंगे और कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। हमारी उम्मीदवार के साथ अन्याय हुआ है और हमें न्याय जरूर मिलेगा।"

नामांकन के बाद हुई थी गिरफ्तारी

जानकारी के अनुसार, वीणा मानवी ने 13 जुलाई को जनशक्ति जनता दल की ओर से बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया था। नामांकन के बाद पटना पुलिस ने उन्हें एक पुराने मामले में गिरफ्तार कर लिया था। उनकी गिरफ्तारी के विरोध में समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। हालांकि, देर शाम अदालत से उन्हें जमानत मिल गई थी।

हलफनामे में जानकारी छिपाने का आरोप

निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, वीणा मानवी ने नामांकन के साथ दाखिल किए गए शपथ पत्र (हलफनामे) में अपने खिलाफ दर्ज एक आपराधिक मामले की जानकारी का उल्लेख नहीं किया था। इसी आधार पर उनका नामांकन पत्र खारिज कर दिया गया।

सूत्रों के मुताबिक, वर्ष 2009 के एक आपराधिक मामले (केस संख्या 837/2009) में वीणा मानवी को पहले ही अदालत से जमानत मिल चुकी थी, लेकिन इस मामले का विवरण हलफनामे में नहीं दिया गया। निर्वाचन अधिकारियों ने इसे चुनावी नियमों का उल्लंघन मानते हुए उनका नामांकन निरस्त कर दिया।

अब इस मामले के अदालत पहुंचने की संभावना है, क्योंकि जनशक्ति जनता दल ने निर्वाचन अधिकारियों के फैसले को कानूनी चुनौती देने का ऐलान किया है।