भाजपा नेता निशिकांत दुबे ने शेयर किया बांग्लादेशी सांसद का वीडियो, TMC को घेर, पर ऐसा क्या कहा..
बांग्लादेश के सांसद अख्तर हुसैन के कथित बयान को लेकर बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे के सोशल मीडिया पोस्ट ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। दावा किया गया है कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी की संभावित जीत और घुसपैठ पर विवादित टिप्पणी की गई। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
Bangladesh MP Akhtar Hussain Video: भारत और बांग्लादेश के राजनीतिक हलकों में उस वक्त नई बहस छिड़ गई, जब निशिकांत दुबे ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश के सांसद अख्तर हुसैन ने अपने देश की संसद में पश्चिम बंगाल चुनाव और भारतीय राजनीति को लेकर विवादित टिप्पणी की है।
क्या है पूरा दावा? बीजेपी सांसद ने क्या कहा
निशिकांत दुबे के अनुसार, अख्तर हुसैन ने बांग्लादेश संसद में कहा कि अगर पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत होती है, तो इससे घुसपैठ पर रोक लगेगी और बांग्लादेशी मुसलमानों पर असर पड़ेगा, जिसे उन्होंने ‘खतरनाक’ बताया। हालांकि, इस कथित बयान की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
TMC को घेरा
अपने पोस्ट में निशिकांत दुबे ने यह भी आरोप लगाया कि इस तरह के बयान उन लोगों की भूमिका को उजागर करते हैं, जिन्हें उन्होंने तृणमूल कांग्रेस का “मददगार” बताया। हालांकि, इस मामले में टीएमसी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
बंगलादेश के सांसद अख़्तर हुसैन ने आज बांग्लादेश के संसद में कहा कि भाजपा की पश्चिम बंगाल की जीत घुसपैठ को रोकेगी और बांग्लादेशी मुसलमानों को भगाएगी,यह ख़तरनाक है । तृणमूल कांग्रेस के मददगार धीरे-धीरे सामने आ रहे हैं pic.twitter.com/wt1ZZUK7Un
— Dr Nishikant Dubey (@nishikant_dubey) April 30, 2026
घुसपैठ और नागरिकता का मुद्दा फिर चर्चा में
यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है, जब पश्चिम बंगाल की राजनीति पहले से ही संवेदनशील दौर में है। राज्य में सीमा सुरक्षा, घुसपैठ और नागरिकता जैसे मुद्दे लंबे समय से राजनीतिक बहस के केंद्र में बने हुए हैं। इस तरह के बयान चुनावी माहौल को और अधिक गर्मा सकते हैं।
सोशल मीडिया से लेकर सियासी गलियारों तक चर्चा तेज
फिलहाल यह मुद्दा सोशल मीडिया और राजनीतिक मंचों पर चर्चा का विषय बना हुआ है। आने वाले दिनों में इस पर विभिन्न दलों और नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ सकती हैं, जिससे यह विवाद और गहरा सकता है।
4 मई को आएंगे नतीजे, उससे पहले बढ़ी सियासी गर्मी
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 23 और 29 अप्रैल को संपन्न हो चुका है। अब सभी की नजर 4 मई को घोषित होने वाले परिणामों पर टिकी है। लेकिन उससे पहले ही इस तरह के आरोप-प्रत्यारोप ने चुनावी माहौल को और ज्यादा गरमा दिया है।
