आपस में नहीं, विपक्ष से लड़िए'... 2027 चुनाव से पहले BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने नेताओं को दिया जीत का मंत्र
UP BJP Meeting: भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को तेज कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे पर संगठन और सहयोगी दलों के नेताओं के साथ लगातार बैठकें कर रहे हैं। दौरे के दूसरे दिन उन्होंने एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं से मुलाकात कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की, जबकि भाजपा सांसदों, विधायकों, मंत्रियों और संगठन पदाधिकारियों को साफ संदेश दिया कि अब चुनावी मोड में उतरने का समय आ गया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर मतभेद और टकराव से नुकसान होता है। कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को आपसी विवाद छोड़कर विपक्ष के खिलाफ एकजुट होकर मैदान में उतरना होगा।
एनडीए नेताओं के साथ चुनावी रणनीति पर मंथन
लखनऊ में आयोजित बैठक में भाजपा अध्यक्ष ने एनडीए के घटक दलों के नेताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा की। बैठक में चुनावी समन्वय, संगठन की मजबूती और संयुक्त रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ।
बैठक के बाद निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने कहा कि सीट बंटवारे पर कोई चर्चा नहीं हुई। बातचीत का मुख्य विषय 2027 का चुनाव मिलकर कैसे जीता जाए, इस पर केंद्रित रहा।
वहीं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने भी कहा कि सभी सहयोगी दलों का लक्ष्य 2027 में एनडीए को प्रचंड बहुमत दिलाना है और पूरा गठबंधन उसी दिशा में काम कर रहा है।
'आपस में नहीं, विपक्ष से लड़ना है'
भाजपा नेताओं के साथ हुई बैठक में नितिन नवीन ने साफ कहा कि विधानसभा चुनाव की तैयारी अभी से शुरू करनी होगी। उन्होंने सांसदों, विधायकों और मंत्रियों से कहा कि बड़े-बड़े कार्यक्रमों और रैलियों से ज्यादा जरूरी जनता के बीच लगातार संवाद बनाए रखना है।
उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने का सबसे प्रभावी तरीका लोगों तक सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को पहुंचाना है। इसके लिए हर जनप्रतिनिधि को अपने क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहना होगा।
राम मंदिर पर विपक्ष के नैरेटिव का जवाब देने का निर्देश
बैठक में नितिन नवीन ने कहा कि विपक्ष राम मंदिर सहित कई मुद्दों पर भाजपा के खिलाफ अपना नैरेटिव तैयार करने की कोशिश कर रहा है। ऐसे में कार्यकर्ताओं और नेताओं की जिम्मेदारी है कि वे जनता के बीच जाकर तथ्यों के साथ जवाब दें और केंद्र की मोदी सरकार तथा उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से रखें। उन्होंने कहा कि जनता से सीधा संवाद ही विपक्ष के प्रचार का सबसे मजबूत जवाब होगा।
हर महीने क्षेत्रीय दौरे करने के निर्देश
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से जिलों और क्षेत्रों का दौरा करें। उन्होंने कहा कि हर महीने संगठन स्तर पर क्षेत्रीय प्रवास होना चाहिए, ताकि बूथ स्तर तक पार्टी की गतिविधियों की निगरानी हो सके और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद बना रहे। उन्होंने संगठन को अधिक सक्रिय और परिणाम आधारित कार्यशैली अपनाने पर भी जोर दिया।
सांसद-विधायकों को समन्वय का संदेश
बैठक में नितिन नवीन ने सांसदों और विधायकों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत मतभेद, अहंकार और आपसी खींचतान चुनाव में पार्टी को नुकसान पहुंचाती है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से टीम भावना के साथ काम करने और संगठन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।
आज डिप्टी सीएम और संगठन के साथ अहम बैठकें
उत्तर प्रदेश दौरे के दूसरे दिन नितिन नवीन दोनों उपमुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक से अलग-अलग मुलाकात करेंगे। इसके अलावा शाम को भाजपा संगठन की महत्वपूर्ण बैठक में भी शामिल होकर चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी समय रहते शुरू कर संगठन और सहयोगी दलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना पार्टी की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है।
