Movie prime

राहुल, अखिलेश और केजरीवाल पर BJP अध्यक्ष का बड़ा हमला, बोले- हिंदू धर्म को कमजोर मत समझिए

 
राहुल, अखिलेश और केजरीवाल पर BJP अध्यक्ष का बड़ा हमला, बोले- हिंदू धर्म को कमजोर मत समझिए
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Lucknow : भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल हिंदू देवी-देवताओं के अपमान पर मौन रहते हैं और सनातन पर राजनीति करते हैं।

'हिंदू धर्म को कमजोर न समझें'

नितिन नवीन ने कहा कि मैं राहुल गांधी, अखिलेश यादव और केजरीवाल से कहना चाहता हूं कि हिंदू धर्म को इतना कमजोर मत समझिए कि लोग आपके झांसे में आ जाएंगे। जब आपके लोग हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करते हैं, तब आप लोग चुप रहते हैं। सनातन का अपमान उत्तर प्रदेश और देश की जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और विरासत को बचाने के लिए पूर्वजों ने बलिदान दिए हैं और भाजपा उसी विरासत को सहेजने का कार्य कर रही है।

अयोध्या और काशी का किया उल्लेख

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जो लोग आज आस्था की बात करते हैं, वे वास्तव में केवल राजनीतिक लाभ के लिए ऐसा करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और काशी विश्वनाथ धाम के विकास के माध्यम से देश की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिली है।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग कभी रामभक्तों पर गोलियां चलवाने का काम करते थे, वे आस्था की बात करने के योग्य नहीं हैं।

'2017 के बाद बदली उत्तर प्रदेश की तस्वीर'

नितिन नवीन ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और परिवारवाद की राजनीति से प्रभावित था। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने माफियाराज और भ्रष्टाचार को समाप्त कर प्रदेश को विकास की नई दिशा दी है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है और कानून-व्यवस्था में सुधार के कारण महिलाएं भी खुद को पहले से अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं।

भाजपा अध्यक्ष के इस बयान को आगामी राजनीतिक समीकरणों और चुनावी तैयारियों के बीच विपक्ष पर तीखे हमले के रूप में देखा जा रहा है।