चिराग पासवान को डाक से मिली जान से मारने की धमकी, चिट्ठी में लिखा- Hardcore Terrorists करेंगे आपकी हत्या
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को डाक के जरिए जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी भरे पत्र में ‘कट्टर आतंकवादी जल्द आपकी हत्या करेंगे’ लिखा गया है। चिराग पासवान के कार्यालय ने केंद्रीय गृह सचिव को पत्र लिखकर मामले की जानकारी दी है। जांच एजेंसियां पत्र भेजने वाले की तलाश में जुटी हैं।
पटना: केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। चिराग पासवान को डाक के जरिए भेजे गए एक पत्र में उनकी हत्या की धमकी दी गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए उनके कार्यालय की ओर से केंद्रीय गृह सचिव को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी गई है और जरूरी कार्रवाई की मांग की गई है।
डाक से भेजी गई धमकी भरी चिट्ठी
जानकारी के मुताबिक, चिराग पासवान को मिले पत्र में अंग्रेजी में लिखा है- “You will be killed shortly by hardcore Terrorists”, यानी “कट्टर आतंकवादियों द्वारा जल्द ही आपकी हत्या कर दी जाएगी।”
धमकी की खास बात यह है कि यह किसी फोन कॉल, मैसेज या सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए नहीं, बल्कि डाक से भेजी गई चिट्ठी के माध्यम से दी गई है। पत्र सामने आने के बाद चिराग पासवान की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
गृह सचिव को लिखा गया पत्र
चिराग पासवान के कार्यालय ने धमकी की जानकारी केंद्रीय गृह सचिव को देते हुए मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। चूंकि चिराग पासवान केंद्र सरकार में मंत्री हैं, इसलिए धमकी मिलने के बाद सुरक्षा से जुड़े पहलुओं को भी गंभीरता से देखा जा रहा है।
पत्र भेजने वाले की तलाश में जुटी जांच एजेंसियां
धमकी भरा पत्र मिलने के बाद जांच एजेंसियों ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि पत्र कहां से भेजा गया, इसे किसने पोस्ट किया और धमकी देने वाले का मकसद क्या था।
जांच एजेंसियां पत्र से जुड़े स्रोत और उपलब्ध सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि चिराग पासवान को धमकी देने के पीछे कौन है और इसके पीछे वास्तविक उद्देश्य क्या है। मामले के सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
हाल ही में किया था पार्टी संगठन में बदलाव
गौरतलब है कि चिराग पासवान ने हाल ही में अपनी पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बदलाव किया था। पार्टी संगठन में फेरबदल के तहत उन्होंने राजू तिवारी की जगह सुरेंद्र विवेक को बिहार का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया था। धमकी भरे पत्र की जांच के साथ ही सुरक्षा एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस धमकी का चिराग पासवान की राजनीतिक गतिविधियों या हालिया घटनाक्रम से कोई संबंध है या नहीं।
