संसद परिसर में पालतू कुत्ते संग पहुंचीं कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी, पहले ही दिन छिड़ा नया विवाद
New Delhi : कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी संसद गाड़ी में अपना पालतू कुत्ता लाने को लेकर विवादों में घिर गईं। बीजेपी नेताओं ने इसे संसद की गरिमा के खिलाफ बताया। मीडिया के सवाल पर उन्होंने इसे अनावश्यक विवाद कहते हुए कहा कि कुत्ते से क्या आपत्ति है, काटने वाले तो संसद के अंदर और लोग हैं, जिससे मामला और भड़क गया।
New Delhi : संसद के शीतकालीन सत्र के पहले ही दिन कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी एक अनोखे विवाद में फंस गईं। सोमवार को जब वे संसद पहुंचीं, तो उनकी गाड़ी में उनका पालतू कुत्ता भी मौजूद था। यह वीडियो सामने आते ही राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई और बीजेपी नेताओं ने इसे संसद की गरिमा के खिलाफ बताया।
मीडिया द्वारा सवाल किए जाने पर रेणुका चौधरी ने इस मामले को अनावश्यक विवाद बताया। उन्होंने कहा कि इसमें क्या तकलीफ है? एक गूंगा जानवर अंदर आ गया तो कौन-सी बड़ी समस्या हो गई? यह छोटा-सा है, काटने वाला नहीं… काटने वाले तो और लोग हैं पार्लियामेंट के अंदर। उनके इस बयान के बाद मामला और भड़क गया।

रेणुका चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विपक्ष पर की गई टिप्पणी पर भी पलटवार किया। उन्होंने सवाल किया कि यदि सरकार को संसद की चिंता है, तो एक महीने के तय सत्र को घटाकर केवल 15 दिन क्यों कर दिया गया?” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष के सवालों से बचने के लिए सत्र छोटा कर रही है।
भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने रेणुका चौधरी के कदम को संसद की प्रतिष्ठा के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि संसद देश की नीतियों पर गंभीर चर्चा का मंच है। अपने डॉग को लेकर संसद पहुंचना और फिर ऐसी टिप्पणी करना लोकतंत्र का अपमान है। उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने इसे ‘लोकोत्तर आचरण’ बताते हुए लोकसभा में कार्रवाई की मांग की।
