सबका हिसाब होगा- बंगाल रैली में PM मोदी का TMC पर सीधा वार, 6 गारंटी का बड़ा वादा
पश्चिम बंगाल के हल्दिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी रैली के दौरान जनता को 6 गारंटी दीं। उन्होंने कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार जांच, घुसपैठ रोकने और 7वें वेतन आयोग लागू करने का वादा किया। साथ ही TMC सरकार पर आर्थिक बदहाली और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए।
PM Modi in Bengal: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के हल्दिया में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राज्य की जनता को 6 बड़ी गारंटी दीं। इस दौरान उन्होंने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर आर्थिक कुप्रबंधन, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था बिगाड़ने के गंभीर आरोप लगाए।
पीएम मोदी की बंगाल को 6 गारंटी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो
• कानून का राज स्थापित किया जाएगा
• शासन में पारदर्शिता लाई जाएगी
• हर भ्रष्टाचार मामले की जांच होगी
• घुसपैठियों को बाहर किया जाएगा
• 7वां वेतन आयोग लागू किया जाएगा
• संविधान के अनुसार सभी को उनका अधिकार मिलेगा
उन्होंने कहा, यह मोदी की गारंटी है, भाजपा संविधान के अनुसार काम करेगी।
TMC पर आर्थिक बदहाली का आरोप
प्रधानमंत्री ने दावा किया कि पिछले 15 वर्षों में पश्चिम बंगाल विकास के हर पैमाने पर पीछे गया है। उन्होंने कहा कि कभी देश का प्रमुख औद्योगिक केंद्र रहा हल्दिया अब बंद फैक्ट्रियों का शहर बन गया है और युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ रहा है।
युवाओं की नौकरियां छिनी जा रही हैं
पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि बंगाल में युवाओं की नौकरियां छीनकर घुसपैठियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस व्यवस्था को खत्म करेगी।
मछली उत्पादन पर भी उठाए सवाल
प्रधानमंत्री ने दावा किया कि अन्य राज्यों में मछली उत्पादन दोगुना हुआ, लेकिन बंगाल पीछे रह गया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार केवल इसलिए कई योजनाएं लागू नहीं करती क्योंकि उनके नाम में “PM” जुड़ा होता है।
कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा
प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल में भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और अपराध का माहौल है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने पर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और पीड़ितों को न्याय मिलेगा।
चुनावी अभियान तेज
प्रधानमंत्री मोदी इस सप्ताह पश्चिम बंगाल में कई बड़ी रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। पार्टी को उम्मीद है कि उनकी रैलियां चुनाव प्रचार को निर्णायक बढ़त देंगी।
