Movie prime

महाराष्ट्र की सियासत में घमासान : BJP और शिंदे कैंप में खुला टकराव, दोनों तरफ खींचतान तेज

Mumbai: KDMC क्षेत्र में भाजपा और शिंदे गुट के बीच टकराव बढ़ गया है। कार्यकर्ताओं को एक-दूसरे के पाले में लाने को लेकर विवाद तीखा हो गया है। KDMC चुनाव को लेकर गठबंधन टूटने के संकेत मिल रहे हैं। BJP प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण के बयान ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।

 
f
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Mumbai : महाराष्ट्र की राजनीति में इन दिनों तनाव बढ़ता जा रहा है। कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (KDMC) क्षेत्र में भाजपा और एकनाथ शिंदे गुट के बीच पिछले कुछ दिनों से टकराव खुलकर सामने आ रहा है। दोनों दलों के बीच कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को एक-दूसरे के पाले में लाने की कोशिशों को लेकर विवाद चरम पर है।

इसी बीच अब KDMC चुनाव को लेकर BJP और शिंदे गुट की शिवसेना में गठबंधन टूटने के संकेत मिल रहे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने रविवार को डोंबिवली में दिए बयान से राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है।

रवींद्र चव्हाण ने अपने भाषण में प्रत्यक्ष रूप से गठबंधन तोड़ने की घोषणा तो नहीं की, लेकिन उनके शब्दों ने अलग चुनाव लड़ने की रणनीति का संकेत दे दिया। उन्होंने कहा कि हर चुनाव में आप मुझ पर भरोसा करते आए हैं। इस बार बस यही अनुरोध है कि जो उम्मीदवार कमल के निशान पर खड़ा होगा, उसे ही वोट दें। अगर केंद्र और राज्य की तरह महानगरपालिका में भी भाजपा की सत्ता आई, तो विकास के काम तेजी से पूरे होंगे।

उन्होंने आगे कहा कि हमें 100% एक ही विचारधारा की सरकार लानी है — यानि भारतीय जनता पार्टी की सरकार। उनके इस बयान के बाद से राजनीतिक चर्चाओं में यह सवाल तेज हो गया है कि क्या महायुती गठबंधन KDMC चुनाव से पहले ही टूटने की कगार पर है?

मनसे भी कार्यक्रम में रही शामिल

रविवार को डोंबिवली में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता रवींद्र चव्हाण ने की। कार्यक्रम में BJP नेताओं के साथ मनसे के कल्याण जिला अध्यक्ष प्रकाश भोईर भी मौजूद रहे, जिसने अटकलों को और मजबूत कर दिया है।

नगरसेवकों पर निशाना

चव्हाण ने कुछ नगरसेवकों पर अप्रत्यक्ष रूप से हमला करते हुए कहा कि विकास निधि देना मेरा काम है, लेकिन बाकी काम नगरसेवकों को करना चाहिए। कुछ नगरसेवकों ने यह काम नहीं किया। क्या मुश्किलें थीं, यह आपको बताने की जरूरत नहीं… आप इतने भोले नहीं हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि BJP स्वबल पर KDMC चुनाव लड़ने की तैयारी में है और भविष्य में महायुती में और दरारें देखने को मिल सकती हैं।