दिवाली को 'खुशियों की ईद' बताकर घिरे मल्लिकार्जुन खरगे... बीजेपी बोली- कांग्रेस की नीति सनातन विरोधी
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दिवाली को 'खुशियों की ईद' बताने वाले बयान पर राजनीतिक विवाद छिड़ गया है। बीजेपी ने कांग्रेस पर तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति का आरोप लगाते हुए पार्टी को सनातन विरोधी बताया। खरगे ने अपने संदेश में शांति और राष्ट्रीय एकता की अपील भी की।
नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दिवाली को 'खुशियों की ईद' बताने वाले बयान पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। खरगे की इस टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। बीजेपी नेताओं ने इसे तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति बताते हुए कांग्रेस की नीतियों को सनातन और हिंदू विरोधी करार दिया है।
खरगे ने दिवाली को बताया 'खुशियों की ईद'
दरअसल, दिवाली के मौके पर मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने देशवासियों को त्योहार की शुभकामनाएं दीं। इसी दौरान उन्होंने दिवाली को 'खुशियों की ईद' बताया। खरगे ने कहा कि दिवाली देश का बड़ा त्योहार है, जिसे भारत में सभी लोग मनाते हैं।
उन्होंने त्योहार के मौके पर देश में शांति और एकता बनाए रखने की अपील भी की। खरगे ने कहा कि जिन लोगों के बीच किसी तरह का विवाद या गलतफहमी है, उन्हें अपने मतभेद दूर करने चाहिए। उन्होंने सभी से मिलकर देश की रक्षा और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का आह्वान किया।
बीजेपी ने लगाया तुष्टीकरण की राजनीति का आरोप
खरगे की टिप्पणी पर बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि दिवाली जैसे त्योहार पर भी कांग्रेस को तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति की चिंता है। उन्होंने खरगे के बयान को कांग्रेस की सनातन विरोधी मानसिकता से जोड़ते हुए पार्टी की आलोचना की।
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केसवन ने भी खरगे के बयान पर आपत्ति जताई। उन्होंने इसे हिंदू श्रद्धालुओं की आस्था और भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला संदेश बताया। केसवन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस वोट बैंक की राजनीति के लिए हिंदू धार्मिक परंपराओं और त्योहारों का अपमान करने से भी पीछे नहीं हटती।
बीजेपी नेताओं ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के बयानों का भी किया जिक्र
इस विवाद के बीच बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस के पुराने बयानों और धार्मिक मुद्दों पर पार्टी के रुख को भी निशाने पर लिया। प्रदीप भंडारी ने खरगे की टिप्पणी को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की बाबरी मस्जिद विध्वंस से जुड़ी टिप्पणी के साथ जोड़कर हमला किया।
वहीं, सीआर केसवन ने महाकुंभ, छठ पूजा, सोमनाथ मंदिर और राम मंदिर से जुड़े पुराने विवादों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर हिंदू धार्मिक परंपराओं के प्रति अपमानजनक रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
बीजेपी नेताओं की इन टिप्पणियों के बाद खरगे के दिवाली संदेश को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
