गया में विधायक ज्योति मांझी के काफिले पर हमला, बीच सड़क घेरकर बदसलूकी और हाथापाई का आरोप
बिहार के गया में HAM विधायक ज्योति मांझी के काफिले पर हमला होने का मामला सामने आया है। मोहनपुर में रास्ता रोककर सुरक्षाकर्मियों से मारपीट, गाली-गलौज और जातिसूचक टिप्पणी का आरोप लगा है। विधायक ने खुद को असुरक्षित बताते हुए FIR दर्ज कराई है।
बिहार के गया जिले में बाराचट्टी विधानसभा क्षेत्र की विधायक ज्योति मांझी के काफिले पर हमला होने का मामला सामने आया है। घटना मोहनपुर प्रखंड के गंभीरा गांव के पास की बताई जा रही है, जहां विधायक के काफिले को रास्ते में रोककर सुरक्षाकर्मियों के साथ हाथापाई की गई। विधायक ने गाली-गलौज, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और वाहन पर हमला किए जाने का भी आरोप लगाया है।
सामाजिक कार्यक्रम में जा रही थीं विधायक
हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (HAM) की विधायक ज्योति मांझी रविवार को मोहनपुर प्रखंड के गंभीरा गांव में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में एक सवारी वाहन ने उनके काफिले का रास्ता रोक दिया। आरोप है कि वाहन चालक ने जानबूझकर अपनी गाड़ी बीच सड़क पर खड़ी कर दी, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
सुरक्षाकर्मियों से हुई हाथापाई
विधायक के अंगरक्षकों ने जब वाहन हटाने का अनुरोध किया तो गाड़ी में सवार करीब 15 से 20 लोग अचानक बाहर निकल आए। आरोप है कि इन लोगों ने सुरक्षाकर्मियों के साथ बहस शुरू कर दी और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
विधायक ने खुद को बताया असुरक्षित
घटना के दौरान विधायक ज्योति मांझी अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में ही मौजूद रहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावर लगातार गाली-गलौज कर रहे थे और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल भी किया गया।
विधायक का कहना है कि हमलावरों ने उनकी गाड़ी के शीशे पर भी हमला किया, जिससे वह काफी डर गईं। उन्होंने कहा कि उस समय स्थिति बेहद तनावपूर्ण थी और उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर खतरा महसूस हो रहा था।
ग्रामीणों की मदद से निकलीं सुरक्षित
घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से विधायक, उनके अंगरक्षक और समर्थकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक तनाव का माहौल बना रहा।
मोहनपुर थाने में FIR दर्ज
विधायक ज्योति मांझी ने इस पूरे मामले में मोहनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत में कई लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि अन्य अज्ञात लोगों को भी शामिल किया गया हैपुलिस अब मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की पहचान की जा रही है।
SDPO ने क्या कहा?
बोधगया के SDPO सौरभ जायसवाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। उन्होंने कहा कि विधायक की ओर से मिले आवेदन के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
