Movie prime

कांग्रेस स्थापना दिवस पर ओपी राजभर का तंज, बोले- मेहनत करो, 2027 तक...

 
Rajbhar
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

बलिया। कांग्रेस पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर सुभासपा प्रमुख और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने चुटीले अंदाज में कांग्रेस को शुभकामनाएं देते हुए उस पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आगे बढ़ने के लिए और मेहनत करने की जरूरत है। वहीं घोसी सीट पर संभावित उपचुनाव को लेकर राजभर ने साफ किया कि एनडीए गठबंधन जो फैसला करेगा, वही प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरेगा।

बलिया पहुंचे ओमप्रकाश राजभर ने मीडिया से बातचीत में बीजेपी के ब्राह्मण विधायकों की बैठक को लेकर उठ रहे सवालों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि इसमें किसी तरह की साजिश नहीं है। अपने अंदाज में बोले, “ऑल इज वेल… पूरा प्रदेश टनाटन है, कहीं कोई दिक्कत नहीं।” झांसी के बीजेपी विधायक रवि शर्मा की नाराजगी के सवाल पर उन्होंने कहा कि 403 विधायकों में अगर एक-दो नाराज हैं तो उन्हें मना लिया जाएगा।

मनरेगा आंदोलन पर भी कसा तंज

मनरेगा का नाम बदलने के विरोध में कांग्रेस द्वारा 5 जनवरी से देशव्यापी आंदोलन के ऐलान पर राजभर ने कहा कि आंदोलन करने से किसी को रोका नहीं जा सकता, लेकिन देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा कर रही है। उन्होंने कहा कि एनडीए गठबंधन पर जनता का विश्वास है और यही वजह है कि मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने हैं। उत्तर प्रदेश को लेकर उन्होंने दावा किया कि 2027 तक विपक्ष के लिए कुछ होने वाला नहीं है।

महात्मा गांधी के नाम पर बयान

महात्मा गांधी के नाम को लेकर पूछे गए सवाल पर राजभर ने कहा कि गांधी सबके हैं और कोई उन्हें नजरअंदाज नहीं कर रहा। उन्होंने कहा कि हर सरकार अपने हिसाब से काम करती है।

प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव पर भी टिप्पणी

प्रियंका गांधी को कांग्रेस का अध्यक्ष या प्रधानमंत्री बनाए जाने की मांग पर राजभर ने कहा कि सपने देखना स्वाभाविक है, सभी को सपने देखने चाहिए। वहीं समाजवादी पार्टी द्वारा बीजेपी के ब्राह्मण विधायकों के सम्मान पर उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि पांच साल के कार्यकाल में सपा ने ब्राह्मणों को कितना सम्मान दिया, यह खुद अखिलेश यादव बताएं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार में भर्ती और पदों में जातिगत पक्षपात किया गया।