TMC विधायक के 'बाबरी मस्जिद' बयान पर गरमाई सियासत, उमा भारती ने दी चेतावनी, कहा- वही हाल होगा..
टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर द्वारा पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में ‘बाबरी मस्जिद’ की आधारशिला रखने के ऐलान के बाद देशभर की राजनीति तेज हो गई है। बीजेपी नेताओं ने इसे उकसावे वाला कदम बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए चेतावनी दी है कि बाबर के नाम पर बनी किसी इमारत को अयोध्या वाली स्थिति का सामना करना पड़ेगा।
उमा भारती की चेतावनी
उमा भारती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, खुदा, इबादत, इस्लाम के नाम पर मस्जिद बने हम सम्मान करेंगे, लेकिन बाबर के नाम से बनी हुई इमारत का वही हाल होगा जो 6 दिसंबर को अयोध्या में हुआ था। ईंटें भी गायब हो गई थीं।
उन्होंने आगे पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सलाह देते हुए कहा, बाबर के नाम पर मस्जिद बनाने की बात कहने वालों पर कार्रवाई कीजिए। बंगाल और देश की अस्मिता एवं सद्भाव के लिए आपकी भी जिम्मेदारी है।”
हुमायूं कबीर ने क्या कहा था?
टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर ने एलान किया है कि 6 दिसंबर को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में बाबरी मस्जिद की आधारशिला रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि बेलडांगा में एक कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें मुस्लिम समाज के कई प्रमुख नेता शामिल होंगे। कबीर के इस बयान के बाद बंगाल से लेकर केंद्र तक राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है।
भारत हिंदू राष्ट्र, लेकिन किसी एक धर्म से संचालित नहीं- उमा भारती
इस विवाद से पहले भी उमा भारती ने शनिवार को एक बयान दिया था। उन्होंने कहा, भारत एक हिंदू राष्ट्र है, लेकिन यह किसी एक धर्म को नहीं मानता और न ही उसके आधार पर चलता। भारत ‘अनेकता में एकता’ के सिद्धांत में विश्वास रखता है। एक हिंदू राष्ट्र के रूप में भारत की पहचान ही इसकी धर्मनिरपेक्षता की गारंटी है।”
बढ़ी सियासी गर्मी
टीएमसी विधायक के बयान और उमा भारती की चेतावनी के बाद बंगाल की राजनीति में तनाव बढ़ गया है। भाजपा का कहना है कि यह बयान समाज में वैमनस्य पैदा करने वाला है, जबकि टीएमसी की ओर से अभी आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
इस मामले पर अगले कुछ दिनों में और राजनीतिक प्रतिक्रियाओं के आने की संभावना है।
