तमिलनाडु चुनाव से पहले NDA में सीट बंटवारा फाइनल, PMK-AMMK को मिली इतनी सीटें
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 से पहले AIADMK ने NDA गठबंधन में सीट बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया है। PMK को 18 और AMMK को 11 सीटें मिली हैं। पलानीस्वामी ने 210 सीटें जीतने का दावा किया है, जबकि अन्य सहयोगियों से बातचीत जारी है।
Tamil Nadu Election 2026: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 से पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। अन्नाद्रमुक (AIADMK) के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन ने सीट बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया है। पार्टी ने प्रमुख सहयोगी पीएमके (PMK) को 18 सीटें और एएमएमके (AMMK) को 11 सीटें आवंटित की हैं।
पार्टी महासचिव ईके पलानीस्वामी ने चेन्नई स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस समझौते की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अन्य सहयोगी दलों के साथ बातचीत जारी है और जल्द ही सीटों का पूरा फॉर्मूला सामने आ जाएगा।
उन्होंने बताया कि गठबंधन दलों के बीच सीट बंटवारे की प्रक्रिया सौहार्दपूर्ण माहौल में पूरी हुई है और जल्द ही निर्वाचन क्षेत्रों के नाम भी घोषित किए जाएंगे।
तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान होना है। गठबंधन में तमिल मानिला कांग्रेस (मूपानार) और आईजेके जैसे दल भी शामिल हैं।
पलानीस्वामी ने विश्वास जताया कि उनका गठबंधन इस चुनाव में कम से कम 210 सीटें जीतकर सरकार बनाएगा। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता और अन्य सहयोगी दलों के नेता भी मौजूद रहे।
