तेजस्वी यादव फिर बने RJD विधायक दल के नेता, बोले लालू यादव- पार्टी की वर्तमान और भविष्य की...
RJD में सोमवार को बड़ी बैठकों का दौर चला। तेजस्वी यादव के आवास पर हुई विधायक दल की बैठक में उन्हें एक बार फिर सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। शुरुआत में तेजस्वी इस जिम्मेदारी के लिए तैयार नहीं थे, इसलिए बैठक में लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी भी मौजूद रहे। सभी विधायकों ने एकमत होकर तेजस्वी के नाम पर मुहर लगाई।
परिवारिक विवाद पर किसी ने नहीं खोली जुबान
बैठक में पार्टी की एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की गई। दिलचस्प बात यह रही कि हाल के दिनों में चर्चा में रहे परिवारिक मतभेद पर बैठक में किसी ने भी बात नहीं की। तेजस्वी के करीबी और राज्यसभा सांसद संजय यादव भी बैठक में मौजूद थे, जबकि रोहिणी विवाद में घिरे रमीज मीटिंग में नहीं दिखाई दिए।
लालू यादव ने साफ संदेश दिया- तेजस्वी ही आगे के नेता
बैठक के बाद RJD सांसद अभय कुशवाहा ने बताया कि लालू प्रसाद यादव ने साफ कहा है कि पार्टी की वर्तमान और भविष्य की कमान तेजस्वी यादव के हाथों में ही रहेगी। उनके मुताबिक, “तेजस्वी ने पार्टी के लिए जी-जान लगाकर मेहनत की है, इसलिए वही RJD के अगले नेता हैं।”
नतीजे निराशाजनक, RJD को मिली सिर्फ 25 सीटें
इस बार RJD को चुनाव नतीजों में बड़ा झटका लगा। पिछली बार 75 सीटें जीतने वाली RJD इस बार सिर्फ 25 सीटों पर सिमट गई। यानी पार्टी को 50 सीटों का भारी नुकसान झेलना पड़ा। हालांकि वोट प्रतिशत के लिहाज से RJD अभी भी सबसे बड़ी पार्टी रही और उसे करीब 23% वोट मिले।
नतीजों के बाद बढ़ा लालू परिवार में तनाव
चुनाव हार के साथ ही परिवारिक विवाद भी खुलकर सामने आने लगा। लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि उन्हें परिवार से अलग-थलग कर दिया गया है। उन्होंने तेजस्वी के करीबी संजय यादव और रमीज पर गंभीर आरोप लगाए। रमीज RJD के वार रूम की रणनीति देखने वाले प्रमुख चेहरे माने जाते हैं।
