Movie prime

नाम दारोगा, काम लुटेरे का... सपा सांसद पर ओम प्रकाश राजभर का तंज, अखिलेश यादव से पूछा सवाल

 
नाम दारोगा, काम लुटेरे का... सपा सांसद पर ओम प्रकाश राजभर का तंज, अखिलेश यादव से पूछा सवाल
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Lucknow : आजमगढ़ की लालगंज लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद दारोगा प्रसाद सरोज पर गरीबों की जमीन पर अवैध कब्जा करने के आरोपों को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर सपा पर गंभीर सवाल उठाए।

ओम प्रकाश राजभर ने लिखा कि लगभग हर दिन किसी न किसी अपराध की घटना सामने आती है और जांच में सपा से जुड़े लोगों का नाम सामने आता है। उन्होंने सवाल किया कि हत्या, हुड़दंग, चोरी-छिनैती जैसी घटनाओं में सपा नेताओं का नाम क्यों आता है और ऐसे लोगों को पार्टी में क्यों रखा गया है।

राजभर ने दारोगा प्रसाद सरोज पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका नाम भले "दारोगा" हो, लेकिन काम "लुटेरे" जैसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद गरीब, पिछड़ों और दलितों की जमीन पर कब्जा करने, धमकी देने और बदसलूकी करने के मामलों में लगातार चर्चा में रहते हैं।

सुभासपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि आजमगढ़ के मोहनपुर पटवास गांव में एक दलित महिला गीता सरोज की जमीन पर कब्जा करने के लिए सांसद के परिवार के लोगों को लगाया गया है। उन्होंने दावा किया कि करीब 50 बीघा जमीन और तालाब पर कब्जा कर वहां स्विमिंग पूल वाला फार्महाउस बनाया गया है। साथ ही आरोप लगाया कि कब्जे वाली जमीन के चारों ओर करंट वाले तार लगाए गए हैं, जिससे लोगों की जान को खतरा है।

राजभर ने अखिलेश यादव से ऐसे नेताओं पर कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते नियंत्रण नहीं किया गया तो विपक्ष की भूमिका भी कमजोर पड़ जाएगी।

सपा सांसद पर क्या हैं आरोप?

लालगंज तहसील के मोहनपुर पटवार गांव की निवासी गीता सरोज ने आरोप लगाया है कि उनकी जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है। उन्होंने इस मामले में मंडलायुक्त से शिकायत की है। पीड़िता का कहना है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह मुख्यमंत्री आवास के सामने आत्महत्या करने को मजबूर होंगी।