Movie prime

बंगाल में 142 सीटों पर मतदान: 5 घंटे में 45% वोटिंग, TMC vs BJP में सीधी टक्कर

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के अहम चरण में 142 सीटों पर वोटिंग जारी है। 3.22 करोड़ मतदाता 1448 उम्मीदवारों की किस्मत तय कर रहे हैं। 5 घंटे में 45% मतदान दर्ज हुआ। भवानीपुर से ममता बनर्जी मैदान में हैं, जबकि कई जगहों पर तनाव और सुरक्षा सख्त है।

 
West Bengal Election
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

West Bengal Election: वेस्ट बेंगाल में विधानसभा चुनाव के अहम चरण में बुधवार को 7 जिलों की 142 सीटों पर मतदान जारी है। इस चरण में कुल 1448 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला 3 करोड़ 22 लाख से अधिक मतदाता कर रहे हैं। कोलकाता, इंडस्ट्रियल बेल्ट और दक्षिण बंगाल के घनी आबादी वाले क्षेत्रों में वोटिंग हो रही है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, भारी बल तैनात

चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। करीब 2,343 कंपनियों की पैरामिलिट्री फोर्स तैनात की गई है, जबकि 300 से अधिक ऑब्जर्वर निगरानी में लगे हैं।

2021 में TMC का दबदबा, BJP पिछड़ी थी

इन 142 सीटों पर 2021 के विधानसभा चुनाव में TMC ने 123 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा को सिर्फ 18 सीटें मिली थीं। इसी प्रदर्शन के दम पर टीएमसी ने सत्ता में वापसी करते हुए हैट्रिक लगाई थी।

भवानीपुर से मैदान में ममता बनर्जी, हाई-प्रोफाइल मुकाबला

इस चरण में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद भवानीपुर सीट से चुनाव लड़ रही हैं। यह इलाका उनका मजबूत गढ़ माना जाता है, वहीं बीजेपी के लिए यह क्षेत्र पिछले पांच वर्षों में सियासी रूप से अहम रहा है। ऐसे में यहां मुकाबला बेहद कड़ा माना जा रहा है।

बूथ के पास जिंदा बम मिलने से हड़कंप

पूर्व बर्धमान जिले के केतुग्राम विधानसभा क्षेत्र में मतदान के दौरान तनाव की स्थिति पैदा हो गई। बिरुरी गांव स्थित बूथ नंबर 35 के पास एक खाली स्थान से नायलॉन बैग में रखे 6 जिंदा बम बरामद किए गए। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस और केंद्रीय बल तैनात कर घेराबंदी कर दी गई।

शुभेंदु अधिकारी को TMC समर्थकों ने घेरा

बीजेपी उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी जब एक पोलिंग बूथ का निरीक्षण करने पहुंचे, तो वहां उन्हें टीएमसी समर्थकों ने घेर लिया। इस घटना से चुनावी माहौल और गरमा गया।

5 घंटे में 45% वोटिंग, कई जिलों में अच्छी भागीदारी

मतदान के पहले पांच घंटों में ही करीब 45 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। हुगली की 18 सीटों पर 47%, हावड़ा की 16 सीटों पर 43% और पूर्वी बर्धमान की 16 सीटों पर सबसे अधिक 48% मतदान हुआ। इसके अलावा नॉर्थ कोलकाता में 42%, साउथ कोलकाता में 40%, नदिया में 44%, नॉर्थ 24 परगना में 42% और साउथ 24 परगना में 41% वोटिंग रिकॉर्ड की गई।

भवानीपुर में बंपर वोटिंग, ममता vs शुभेंदु मुकाबला

भवानीपुर सीट पर शुरुआती तीन घंटे में करीब 21% मतदान दर्ज किया गया। यहां ममता बनर्जी के खिलाफ बीजेपी के शुभेंदु अधिकारी मैदान में हैं, जिन्होंने पिछले चुनाव में नंदीग्राम में ममता को हराया था। दक्षिण कोलकाता की कोलकाता पोर्ट सीट पर 20%, रासबिहारी में 21% और बालीगंज में 19% वोटिंग दर्ज की गई।

अभिषेक बनर्जी ने BJP के दावों पर साधा निशाना

टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने भाजपा के क्लीन स्वीप के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा- उन्होंने 2021 में भी ऐसा कहा था। आप उनसे पूछिए कि हर बार उनकी भविष्यवाणी क्यों गलत साबित होती है। अमित शाह ने 200 सीटों की बात कही थी, लेकिन टीएमसी 200 पार कर गई। इस बार वे 177 कह रहे हैं, उनके ट्रैक रिकॉर्ड के हिसाब से वे 50 से नीचे चले जाएंगे।”