कौन हैं युमनाम खेमचंद सिंह जो होंगे मणिपुर के CM, BJP विधायक दल ने चुना नेता
युमनाम खेमचंद सिंह को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है और वे मणिपुर के अगले मुख्यमंत्री होंगे। पूर्व मंत्री और RSS से जुड़े खेमचंद सिंह सिंगजामेई से विधायक हैं। 2023 की हिंसा में उनके घर पर भी हमला हुआ था।
Who is Yumnam Khemchand Singh: भारतीय जनता पार्टी ने मणिपुर में नेतृत्व परिवर्तन करते हुए युमनाम खेमचंद सिंह को विधायक दल का नेता चुन लिया है। इसके साथ ही उनके राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, नेतृत्व चयन की प्रक्रिया सर्वसम्मति से पूरी हुई।
युमनाम खेमचंद सिंह इससे पहले एन. बीरेन सिंह सरकार में मंत्री रह चुके हैं। उनके पास नगरपालिका प्रशासन, आवास एवं शहरी विकास (MAHUD), ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज तथा शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी थी। वर्ष 2025 में राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू होने तक वे इन पदों पर बने रहे।
खेमचंद सिंह मणिपुर के इम्फाल वेस्ट जिले की सिंगजामेई विधानसभा सीट से विधायक हैं। वर्ष 2017 में पहली बार विधानसभा पहुंचे खेमचंद सिंह मणिपुर विधानसभा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। 2022 में मुख्यमंत्री पद की दौड़ में भी उनका नाम प्रमुख दावेदारों में शामिल था, हालांकि उस समय बीरेन सिंह को विधायक दल का नेता चुना गया था।
राजनीतिक हलकों में युमनाम खेमचंद सिंह को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के करीबी नेताओं में गिना जाता है। राजनीति के साथ-साथ वे खेल जगत में भी अंतरराष्ट्रीय पहचान रखते हैं। खेमचंद सिंह एक प्रशिक्षित ताइक्वांडो खिलाड़ी हैं और उन्हें ‘फिफ्थ-डैन ब्लैक बेल्ट’ से सम्मानित किया जा चुका है। वे इस उपलब्धि को हासिल करने वाले भारत के पहले राजनेता हैं।
मणिपुर में मई 2023 में शुरू हुई हिंसा के दौरान खेमचंद सिंह भी निशाने पर आए थे। उस समय केंद्र सरकार ने उन्हें अन्य मंत्रियों के साथ दिल्ली बुलाकर स्थिति सामान्य करने की जिम्मेदारी सौंपी थी। बाद में सिंगजामेई स्थित उनके आवास पर हिंसक भीड़ ने हमला किया था। अक्तूबर 2023 में उनके घर के गेट पर ग्रेनेड फेंका गया, जिसमें एक सीआरपीएफ जवान और उनके एक रिश्तेदार घायल हो गए थे।
