Movie prime

Rathyatra Mela: काशी में कल से रथयात्रा मेला: 26-30 जून तक ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव, जानें रूट डायवर्जन

 
Rathyatra Mela: काशी में कल से रथयात्रा मेला: 26-30 जून तक ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव, जानें रूट डायवर्जन
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी I काशी में तीन दिवसीय रथयात्रा मेले (Rathyatra Mela) की शुरुआत 27 जून से होने जा रही है, जो 29 जून तक चलेगा। इस मेले के दौरान भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा और बलभद्र के रथ पर सवार होकर भक्तों को दर्शन देने की परंपरा काशी में लक्खा मेले के रूप में प्रसिद्ध है। मेले के मद्देनजर वाराणसी कमिश्नरेट की ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए 26 से 30 जून तक रूट डायवर्जन की व्यवस्था लागू की है।

यह व्यवस्था प्रतिदिन शाम 4 बजे से अगली सुबह तक प्रभावी रहेगी। एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा ने बताया कि इस दौरान श्रद्धालुओं और आम जनता की सुविधा के लिए विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है।

रूट डायवर्जन की व्यवस्था

बीएचयू, भेलूपर से रथयात्रा की ओर: इन क्षेत्रों से आने वाले वाहनों को कमच्छा से साईं मंदिर की ओर मोड़ा जाएगा। वहां से वाहन आकाशवाणी होते हुए महमूरगंज के रास्ते अपने गंतव्य तक जाएंगे।
लक्सा से रथयात्रा की ओर: लक्सा से आने वाले वाहनों को गुरुबाग तिराहे से नीमामाई तिराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहां से कमच्छा तिराहा होकर वाहन अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
सिगरा से रथयात्रा की ओर: सिगरा से आने वाले वाहनों को सिगरा चौराहे से महमूरगंज या सोनिया पुलिस चौकी की ओर मोड़ा जाएगा, जहां से वे अपने गंतव्य तक जाएंगे।
महमूरगंज से रथयात्रा की ओर: महमूरगंज चौराहे से रथयात्रा की ओर जाने वाले वाहनों को आकाशवाणी तिराहे से सिगरा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
पार्किंग व्यवस्था: सिगरा चौराहा, आकाशवाणी और नीमामाई तिराहे के पास कार, ऑटो, ई-रिक्शा, बाइक, और पैडल रिक्शा सहित सभी प्रकार के वाहनों को पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा।

भारी वाहनों के लिए डायवर्जन

मंडुवाडीह की ओर: भारी वाहन नो-एंट्री खुलने के बाद मोहनसराय, रोहनिया, चांदपुर, मुढ़ैला होते हुए मंडुवाडीह तक जा सकेंगे।
सिगरा की ओर: सिगरा जाने वाले भारी वाहन नो-एंट्री खुलने के बाद मोहनसराय, रोहनिया, चांदपुर, लहरतारा, धर्मशाला, इंग्लिशिया लाइन, मलदहिया होते हुए सिगरा तक पहुंचेंगे।
सिगरा से हरहुआ/बाबतपुर की ओर: इन क्षेत्रों की ओर जाने वाले भारी वाहन सिगरा, मलदहिया, चौकाघाट, ताड़ीखाना, पुलिस लाइन चौराहा, भोजूबीर, गिलट बाजार, तरना, हरहुआ के रास्ते अपने गंतव्य तक जाएंगे।
मंडुवाडीह से रथयात्रा की ओर: मंडुवाडीह से आकाशवाणी तिराहा और रथयात्रा चौराहे तक भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सिगरा चौराहे से रथयात्रा तक भी भारी वाहनों पर रोक रहेगी।

आपातकालीन वाहनों को छूट

एंबुलेंस और शव वाहनों को इस डायवर्जन से छूट दी गई है, ताकि आपातकालीन सेवाओं में कोई बाधा न आए।

पुलिस की कड़ी निगरानी

पुलिस अधिकारियों ने मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। मेले में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सीसी कैमरे, ड्रोन से निगरानी, और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।