Movie prime

काकोरी कांड की 101वीं वर्षगांठ : लखनऊ में CM योगी ने निकाली तिरंगा यात्रा, बच्चों संग ली सेल्फी

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस के मौके पर रविवार को लखनऊ में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के साथ यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी भी शामिल हुए। सभी नेताओं ने हाथ में तिरंगा लेकर पैदल यात्रा की।

मुख्यमंत्री आवास से शुरू हुई यात्रा

देशभक्ति के गीतों और 'वंदे मातरम', 'भारत माता की जय' के नारों के बीच तिरंगा यात्रा सुबह करीब 9:50 बजे मुख्यमंत्री आवास, 5 कालिदास मार्ग से शुरू हुई। करीब 30 मिनट में यात्रा ने लगभग 2 किलोमीटर का सफर तय किया और विधानभवन पहुंची।

यात्रा में कैबिनेट मंत्रियों, भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के अलावा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी शामिल हुए। बच्चों ने 101 फीट लंबा तिरंगा लेकर यात्रा में हिस्सा लिया।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ सेल्फी भी ली। यात्रा के दौरान योगी के एक ओर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, जबकि दूसरी ओर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और पंकज चौधरी नजर आए।

'तिरंगा भारत की आन, बान और शान का प्रतीक'

विधानभवन पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की सादगी, विकास और भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है।
योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी विरासत और महापुरुषों के सम्मान को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि भारत में रहकर देश की विरासत और महापुरुषों का अपमान करने की प्रवृत्ति अब स्वीकार नहीं की जाएगी।

काकोरी पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे CM

तिरंगा यात्रा के समापन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काकोरी पहुंचकर काकोरी ट्रेन एक्शन से जुड़े अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

बता दें कि 9 अगस्त 1925 को लखनऊ के पास काकोरी में क्रांतिकारियों ने अंग्रेजी सरकार के खजाने को ले जा रही ट्रेन को रोककर धन हासिल किया था। इस धन का इस्तेमाल स्वतंत्रता संग्राम के लिए हथियार और अन्य संसाधन जुटाने में किया गया था। इसी ऐतिहासिक घटना की स्मृति में हर वर्ष काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस मनाया जाता है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम के सभी महान क्रांतिकारियों को नमन किया। साथ ही उन्होंने डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. भीमराव आंबेडकर और सरदार वल्लभभाई पटेल को भी श्रद्धांजलि अर्पित की।