Movie prime

गंगा एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा: कुत्ते को बचाने में पलटी मैजिक, 2 की मौत, कई घायल

 
Accident
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई वाहन आपस में टकरा गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक परिवार मनोना धाम से अपनी बहन का इलाज कराकर चंडीगढ़ लौट रहा था। इसी दौरान उनकी मैजिक गाड़ी के सामने अचानक एक कुत्ता आ गया। चालक ने कुत्ते को बचाने का प्रयास किया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।

मैजिक पलटने के बाद आसपास मौजूद लोग और वाहन सवार घायलों को बाहर निकालने में जुट गए। इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक कार और बाद में एक टेंपो ट्रैवलर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी। इसके चलते कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर एक के बाद एक कई वाहन आपस में टकरा गए, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा अमरोहा जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र स्थित गंगा एक्सप्रेसवे पर हुआ।