गोरखपुर में दुर्गा विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा, हाईटेंशन तार की चपेट में आए 3 लोगों की मौत, 7 झुलसे
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल अयोध्या प्रसाद के चौहान टोला के पास बुधवार शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार लोग हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग करंट से झुलस गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मृतकों के परिवारों में मातम छा गया।
विसर्जन के लिए जा रहे थे लोग
जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम लोग दुर्गा प्रतिमा लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से विसर्जन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान चौहान टोला के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार लोग हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए। करंट लगने से कई लोग झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची और घायलों को इलाज के लिए BRD मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत
इस हादसे में दो सगे भाइयों और उनके एक मौसेरे भाई की जान चली गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, करंट से झुलसे सात लोगों का BRD मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। अपनों को खोने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मेडिकल कॉलेज के बाहर परिजनों का प्रदर्शन
हादसे के बाद घायलों के परिजन BRD मेडिकल कॉलेज के गेट के पास सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। घटना को लेकर परिजनों में आक्रोश है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। अधिकारी हालात पर नजर रख रहे हैं और स्थिति को संभालने की कोशिश की जा रही है।
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए इस हादसे से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत और सात लोगों के घायल होने से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है।
