लखनऊ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक सड़क हादसा : डबल डेकर बस पलटी, 5 यात्रियों की मौत, 45 घायल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। लुधियाना (पंजाब) से मोतिहारी (बिहार) जा रही डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 45 यात्री घायल हो गए।
घायलों में से 28 को गंभीर हालत में संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान एपेक्स ट्रॉमा सेंटर (SGPGI) भेजा गया है। इनमें 7 बच्चे, 12 पुरुष और 9 महिलाएं शामिल हैं। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है।
क्रेन से बस सीधी करते ही सामने आया भयावह मंजर
हादसे के बाद सामने आए फोटो और वीडियो में दुर्घटना की भयावह तस्वीरें दिखीं। क्रेन से बस को सीधा करते ही खिड़कियों से शव सड़क पर गिर पड़े। सड़क पर खून फैल गया था। बस सीधी होने के बाद भी कुछ घायल और मृत यात्री खिड़कियों से लटके नजर आए। कई यात्रियों के हाथ-पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त दिखाई दिए। घटनास्थल पर एक छोटे बच्चे का खून से सना जूता भी मिला, जिसने हादसे की त्रासदी को और गहरा कर दिया।
तेज रफ्तार और लापरवाही की आशंका
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बस की रफ्तार 80 किमी प्रति घंटे से अधिक थी। बस पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ड्राइवर और क्लीनर बस छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। क्रेन की मदद से बस को सीधा कर टोल प्लाजा तक ले जाया गया। इसके बाद सड़क पर फैले खून की सफाई कराई गई।
यात्रियों का आरोप है कि हादसे से करीब आधे घंटे पहले ड्राइवर ने एक ढाबे पर शराब पी थी। वहीं, कुछ यात्रियों का कहना है कि ड्राइवर को झपकी आ जाने के कारण बस अनियंत्रित हो गई।
पुलिस ने बस नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। ड्राइवर सोमपाल हरियाणा के पानीपत जिले के नौल्था गांव का निवासी बताया गया है। उसकी तलाश जारी है।
मृतकों की पहचान
हादसे में बीरेंद्र (30), अंजली (8), प्रियांशु (15) समेत एक 6 वर्षीय बच्चे और 30 वर्षीय युवक की मौत हुई है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में लापरवाही और तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है।
