छत से गिरकर सरिया में धंसा पांच वर्षीय मासूम, रास्ते में तोड़ा दम
गाजीपुर I गाजीपुर जिले के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के खुदाबक्शपुर गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पांच वर्षीय मासूम की मौत हो गई। खेलते-खेलते छत से गिरने के बाद वह अधूरी छत पर निकले सरिया में जा धंसा। गंभीर रूप से घायल बच्चे को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं।
जानकारी के अनुसार, खुदाबक्शपुर गांव निवासी निशा देवी सोमवार सुबह घर की छत पर स्नान कर रही थीं। उसी दौरान उनका पांच वर्षीय बेटा गांधी छत पर खेल रहा था। खेलते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह बगल की अधूरी छत पर निकले पिलर के सरिया पर जा गिरा। सरिया उसके शरीर में धंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना का मंजर देख परिजनों और आसपास के लोगों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह सरिया में फंसे बच्चे को बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए मऊ अस्पताल लेकर रवाना हुए। हालांकि गजपतपुर गांव के पास पहुंचते ही रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
हादसे की खबर मिलते ही पूर्व प्रधान रामाश्रय चौहान, सपा के वरिष्ठ नेता जितेंद्र भारती, विंध्याचल चौहान तथा प्रधान प्रतिनिधि चांदी यादव समेत अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
