लखनऊ के 4 मंजिला सरकारी भवन में लगी भीषण आग, 2 किमी दूर तक दिख रहा धुएं का गुबार
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित सरकारी कार्यालय जवाहर भवन में सोमवार सुबह करीब 10 बजे भीषण आग लग गई। आग लगते ही भवन से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं, जबकि काले धुएं का गुबार करीब 2 किलोमीटर दूर से भी दिखाई देने लगा।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
बताया जा रहा है कि जिस समय आग लगी, उस समय कार्यालय में अधिकांश कर्मचारी पहुंच चुके थे। समय रहते कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जवाहर भवन राजधानी के पॉश इलाके हजरतगंज में स्थित है और उत्तर प्रदेश विधानसभा से इसकी दूरी करीब 2 किलोमीटर है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। फिलहाल दमकल और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं। खबर अपडेट की जा रही है...
