Movie prime

आधार कार्ड बना बुजुर्गों की पेंशन में रोड़ा, यूपी के 8.5 लाख वृद्धजनों के आवेदन लौटे

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now


उत्तर प्रदेश में वृद्धावस्था पेंशन का इंतजार कर रहे करीब 8.5 लाख बुजुर्गों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पेंशन के लिए आवेदन करते समय आयु प्रमाण के रूप में आधार कार्ड लगाने वाले बुजुर्गों के आवेदन शासन ने वापस कर दिए हैं। अब इन आवेदनों में उम्र की पुष्टि के लिए दूसरे दस्तावेज लगाने होंगे। इस प्रक्रिया के कारण बुजुर्गों को पेंशन मिलने में देरी हो रही है। प्रयागराज में 20,348 और कौशांबी में करीब 4,000 वृद्धजन भी इससे प्रभावित हैं। पेंशन की जानकारी और आवेदन में जरूरी कमियां दूर कराने के लिए बुजुर्ग विकास भवन और ब्लॉक कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं।

आयु प्रमाण के लिए अब दूसरे दस्तावेज जरूरी

समाज कल्याण विभाग की वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत आवेदन करते समय लाभार्थियों को अपनी उम्र प्रमाणित करने वाले दस्तावेज देने होते हैं। पहले आयु प्रमाण के तौर पर आधार कार्ड स्वीकार कर लिया जाता था, लेकिन करीब आठ महीने पहले नियमों में बदलाव कर इसे आयु प्रमाण से जुड़े मान्य दस्तावेजों की सूची से हटा दिया गया। अब परिवार रजिस्टर की नकल और शैक्षिक योग्यता से संबंधित ऐसे दस्तावेज मांगे जा रहे हैं, जिनमें जन्मतिथि दर्ज हो। ऐसे में जिन बुजुर्गों ने केवल आधार कार्ड के आधार पर आवेदन किया था, उनके सामने अब नए दस्तावेज जुटाने की चुनौती खड़ी हो गई है।

शासन के निर्देश के बाद वापस हुए आवेदन

समाज कल्याण विभाग के निदेशक प्रमोद कुमार उपाध्याय ने 21 मार्च को पत्र जारी कर नई व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए थे। हालांकि, तब तक विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में नए आवेदन शासन को भेजे जा चुके थे। वहीं, कई पुराने आवेदन भी पहले से लंबित थे। नियमों के तहत आवश्यक आयु प्रमाण न मिलने पर इन आवेदनों को वापस कर दिया गया। अब जिला स्तर से ऐसे आवेदन संबंधित ब्लॉक कार्यालयों को भेजे जा रहे हैं, ताकि दस्तावेजों की कमी दूर कराकर आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सके।

मोबाइल पर भेजा गया संदेश, फिर भी कई बुजुर्ग अनजान

विभाग की ओर से संबंधित बुजुर्गों के मोबाइल नंबर पर संदेश भेजकर आवेदन में जरूरी बदलाव की जानकारी देने की बात कही गई है। जिन लाभार्थियों ने संदेश देख लिया, उन्होंने अपने दस्तावेजों की कमी दूर कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी। लेकिन बड़ी संख्या में ऐसे बुजुर्ग भी हैं, जिन्हें अब तक नियमों में हुए बदलाव की जानकारी नहीं है।

प्रयागराज में हर दिन करीब 40 से 50 बुजुर्ग पेंशन से जुड़ी जानकारी लेने विकास भवन पहुंच रहे हैं। इनमें ऐसे लाभार्थियों की संख्या भी काफी है, जिनके आवेदन शासन से वापस कर दिए गए हैं। ऐसे में पेंशन की उम्मीद लगाए बैठे बुजुर्गों को अब पहले आयु प्रमाण के लिए जरूरी दस्तावेज जुटाने होंगे। इसके बाद ही उनके आवेदन पर आगे की कार्रवाई हो सकेगी।