Movie prime

इस्तीफे के बाद वाराणसी पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से मुलाकात, बोले- अब अगली लड़ाई दिल्ली में...

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट पद से इस्तीफा देने वाले अलंकार अग्निहोत्री रविवार को वाराणसी पहुंचे। उन्होंने मठ में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से मुलाकात की। उस समय शंकराचार्य मौनव्रत में थे, इसलिए बातचीत इशारों में हुई। अग्निहोत्री ने अपनी आगे की रणनीति के बारे में बताया, जिसे शंकराचार्य ने शांत भाव से सुना और आशीर्वाद दिया।

मीडिया से बातचीत में अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि उन्होंने हाल ही में यूजीसी रेगुलेशन 2026 और शंकराचार्य के समर्थन में अपने पद से इस्तीफा दिया है। यह फैसला उन्होंने संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के तहत लिया। उन्होंने कहा कि एससी-एसटी से जुड़े मुद्दों पर अब अगली लड़ाई दिल्ली में लड़ी जाएगी और वे 6 फरवरी को दिल्ली पहुंचेंगे।

यूजीसी रेगुलेशन को बताया विभाजनकारी

यूजीसी रेगुलेशन 2026 पर सवाल उठाते हुए अग्निहोत्री ने कहा कि यह नियम एक “घृणित और कुत्सित मानसिकता” का परिणाम है। उनके मुताबिक इसके जरिए ओबीसी और जनरल वर्ग को आपस में बांटने की खतरनाक कोशिश की गई है। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता ने सरकार की मंशा को समझ लिया है और पहली बार ऐसा हुआ है जब सरकार के कोर वोटर भी उससे अलग होते नजर आ रहे हैं।

केंद्र सरकार पर तीखा हमला

केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए अग्निहोत्री ने कहा कि आज देश में वास्तविक रूप से बीजेपी की सरकार नहीं, बल्कि ईस्ट इंडिया कंपनी की तर्ज पर चलने वाली सरकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र में सत्ता कुछ गिने-चुने लोगों के हाथों में सिमटी हुई है और ठेकेदारी सिस्टम के जरिए राज्यों के संसाधनों का दुरुपयोग किया जा रहा है।

इस्तीफे के बाद घंटों रोके जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जब कोई अधिकारी इस्तीफा देता है तो वरिष्ठ स्तर पर उस पर विचार होना स्वाभाविक है। उस दौरान कई बातें हुईं, लेकिन अब वह अध्याय खत्म हो चुका है।

मौनव्रत में शंकराचार्य से मुलाकात

शंकराचार्य से मुलाकात को लेकर उन्होंने बताया कि मौनव्रत के कारण बातचीत नहीं हो सकी। दोनों ने एक-दूसरे को देखकर मुस्कुराकर अभिवादन किया और उन्होंने शंकराचार्य का आशीर्वाद लिया।

‘चोटी खींचने की घटना ने किया आहत’

अग्निहोत्री ने कहा कि प्रशासन द्वारा शंकराचार्य के शिष्यों की चोटी खींचे जाने की घटना ने उन्हें गहरी पीड़ा दी। उनके मुताबिक चोटी सनातन धर्म का प्रतीक है और यह सिर्फ किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर का विषय है। इसी बात को उन्होंने अपने इस्तीफे में भी स्पष्ट किया था।

देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

आगे की रणनीति पर उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को पूरे देश में मजबूती से उठाया जाएगा। प्रेस रिलीज जारी की जाएगी और 6 फरवरी तक सरकार को अल्टीमेटम दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर एससी-एसटी एक्ट को वापस नहीं लिया गया तो देशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।

चुनाव लड़ने से इनकार

चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने साफ कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति में आना नहीं है। उनका मकसद देश का निर्माण और उसे सही दिशा में ले जाना है। उन्होंने दावा किया कि जैसे ही एससी-एसटी एक्ट हटेगा, देश तेजी से प्रगति करेगा।

इस्तीफे पर अडिग

अयोध्या के एक अधिकारी द्वारा इस्तीफा वापस लेने के सवाल पर अग्निहोत्री ने कहा कि उनका इस्तीफा अंतिम है और वे अपने फैसले पर अडिग हैं।

26 जनवरी को दिया था इस्तीफा

गौरतलब है कि अलंकार अग्निहोत्री ने 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के दिन अपने पद से इस्तीफा दिया था। उन्होंने यूजीसी के नए नियमों और शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के शिष्यों के साथ कथित दुर्व्यवहार को इसकी वजह बताया था। हालांकि उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया और शासन ने उन्हें निलंबित कर जांच के आदेश दे दिए हैं।

26 जनवरी की शाम उन्होंने जिलाधिकारी से मुलाकात के बाद आरोप लगाया था कि उन्हें 45 मिनट तक बंधक बनाकर रखा गया और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद उन्होंने अपना सरकारी आवास खाली कर दिया और बरेली में परिचितों के यहां ठहरने की बात कही थी।