Movie prime

आगरा MLC चुनाव: बूथ कैप्चरिंग के आरोपों के बाद तीन बूथों पर दोबारा मतदान शुरू, सुबह 9 बजे तक 6% वोटिंग

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

आगरा। आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव में सोमवार को तीन बूथों पर पुनर्मतदान कराया जा रहा है। फतेहाबाद, खेरागढ़ और सैंया के इन बूथों पर सुबह 8 बजे मतदान शुरू हुआ। सुबह 9 बजे तक तीनों बूथों पर कुल 6 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा। वहीं, मंगलवार सुबह 8 बजे से फिरोजाबाद रोड स्थित गल्ला मंडी में मतगणना होगी। इस चुनाव में कुल 12 प्रत्याशी मैदान में हैं।

सपा प्रत्याशी ने लगाए थे बूथ कैप्चरिंग के आरोप

आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार को मतदान हुआ था। इस दौरान समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने तीन मतदान केंद्रों पर बूथ कैप्चरिंग और मतदान में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। शिकायत के बाद वह कमिश्नरी पहुंचे और अपनी बात रखते हुए भावुक हो गए थे। उन्होंने कथित अनियमितताओं से जुड़े साक्ष्य भी निर्वाचन अधिकारियों को सौंपे थे।

निर्वाचन आयोग के निर्देश पर दोबारा मतदान

शिकायतों के बाद भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के तीन मतदेय स्थलों पर पहले हुए मतदान को शून्य घोषित कर दिया था। इसके बाद इन केंद्रों पर दोबारा मतदान कराने का निर्णय लिया गया।

जिन तीन बूथों पर पुनर्मतदान हो रहा है, उनमें खेरागढ़ तहसील का बूथ संख्या 20, सैंया स्थित क्षेत्र पंचायत कार्यालय का बूथ संख्या 21 और फतेहाबाद स्थित क्षेत्र पंचायत कार्यालय का बूथ संख्या 26 शामिल हैं।

शाम 4 बजे तक होगी वोटिंग

आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर एवं मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप के अनुसार, तीनों मतदान केंद्रों पर सोमवार सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद मंगलवार सुबह 8 बजे से फिरोजाबाद रोड स्थित गल्ला मंडी में मतगणना होगी।