Movie prime

CM योगी के माता प्रसाद की पत्नी वाले बयान पर भड़के अखिलेश, बोले- जिनके परिवार नहीं होते...

 
Akhilesh Yadav
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एक कथित टिप्पणी को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय की पत्नी के संदर्भ में दिए गए बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विपक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई है।

इस मामले पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि “हमारा पीडीए परिवार जितना बढ़ रहा है, उतना ही कुछ लोगों का आत्मविश्वास कम होता जा रहा है।”

‘भरे सदन में अपमानजनक शब्द का प्रयोग’

अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि जिनका परिवार नहीं होता, वही किसी की सम्मानित अर्द्धांगिनी को भरे सदन में अपमानजनक शब्दों से संबोधित कर सकते हैं। उन्होंने भाजपा और उसके सहयोगियों पर हमला बोलते हुए कहा कि यदि उन्हें परिवार की अवधारणा से इतनी परेशानी है तो वे यह भी घोषित कर दें कि वे किसी परिवार का वोट या चंदा स्वीकार नहीं करेंगे।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, विधानसभा की कार्यवाही का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल क्लिप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय की पत्नी के संदर्भ में ‘बुढ़िया’ शब्द का प्रयोग करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में सीएम यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि “पांडेय जी, आप भी अपनी बुढ़िया को जेवर सहित रात को 12 बजे ले आइए।”

इस कथित टिप्पणी के सामने आने के बाद विपक्ष ने इसे महिलाओं का अपमान बताया है और सरकार से स्पष्टीकरण की मांग की है।

कांग्रेस के प्रदर्शन पर भी प्रतिक्रिया

इसी बीच लखनऊ में कांग्रेस द्वारा विधानसभा घेराव और प्रदर्शन किए जाने पर भी अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह सरकार विरोध को स्वीकार करने में सक्षम नहीं है और केवल अपनी ही बात दोहराती रहती है।

विवाद के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है।