Movie prime

मुलायम सिंह यादव की जयंती पर भावुक हुए अखिलेश, पिता से मिली दो बड़ी सीख का किया जिक्र

 
Akhileh
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की 87वीं जयंती पर उनके बेटे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर अखिलेश ने अपने पिता से मिली जीवन की सीख को याद करते हुए उनके समाजवादी सिद्धांतों और मानवीय मूल्यों को जीवन में अपनाने का संकल्प दोहराया।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर नेताजी को नमन किया। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव से मिली सीख केवल राजनीतिक विचारों तक सीमित नहीं थी, बल्कि इंसानियत, मदद और रिश्तों को महत्व देने से भी जुड़ी थी।

पिता से मिली मुश्किल वक्त में साथ देने की सीख

अखिलेश यादव ने बताया कि मुलायम सिंह यादव से उन्होंने सबसे सरल लेकिन महत्वपूर्ण सीख यह ली कि किसी व्यक्ति के बुरे वक्त में उसका साथ देना चाहिए। यदि कोई मदद की उम्मीद लेकर आए, तो अपनी क्षमता के अनुसार उसकी सहायता जरूर करनी चाहिए।

उन्होंने अपने संदेश में कहा कि नेताजी के समाजवादी सिद्धांतों और मानवीय एवं व्यावहारिक मूल्यों को और मजबूती से आत्मसात करने तथा जीवन के हर क्षेत्र में उन्हें अपनाने का संकल्प दोहराते हैं।

रिश्ते सुधारने के लिए बढ़े हाथ को थामने का संदेश

सपा अध्यक्ष ने पिता से मिली दूसरी सीख का जिक्र करते हुए कहा कि कई बार कोई व्यक्ति किसी कारण या दबाव में आपके खिलाफ हो सकता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वह हमेशा गलत या बुरा ही रहेगा।

अखिलेश के मुताबिक, यदि कोई व्यक्ति सच्चे मन और निस्वार्थ भाव से रिश्ते सुधारने की पहल करता है, तो उसके बढ़े हुए हाथ को स्वीकार करने में पीछे नहीं हटना चाहिए। उन्होंने इस सीख को रिश्तों में उदारता, आपसी समझ और इंसानियत का महत्वपूर्ण संदेश बताया।

कई नेताओं ने मुलायम सिंह यादव को दी श्रद्धांजलि

मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई राजनीतिक नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। योगी आदित्यनाथ ने पूर्व रक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पद्म विभूषण से सम्मानित मुलायम सिंह यादव को नमन किया।

समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को इटावा जिले के सैफई में हुआ था। वह तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली। भारतीय राजनीति में 'नेताजी' के नाम से लोकप्रिय मुलायम सिंह यादव का 10 अक्टूबर 2022 को निधन हो गया था।