Movie prime

राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर बोले अखिलेश यादव- कैमरे बंद कर चढ़ावा वापस रख दो, प्रभु श्रीराम माफ कर देंगे

 
Akhilesh
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। रविवार को आगरा में आयोजित 'विजन इंडिया' कार्यक्रम में शामिल होने के बाद प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि यह सनातन धर्म के लिए दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि अब राम मंदिर और साधु-संतों की जांच अधिकारी करेंगे।

अखिलेश यादव ने कहा, "राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर यदि कोई विवाद हुआ है तो कैमरे बंद करके आपस में बातचीत कर लें और चढ़ावा वापस रख दें। प्रभु श्रीराम सबको माफ कर देंगे।" उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि मंदिर की लाइट और कैमरे बंद कर दिए जाएं, फिर कोई न कोई स्वयं ही चढ़ावा वापस रख जाएगा।

दरअसल, उत्तर प्रदेश सरकार ने राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। इसमें वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। गाजीपुर में हुए कमलेश बिंद एनकाउंटर का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे फर्जी करार दिया और कहा कि सरकार फेक एनकाउंटर में विशेषज्ञ बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे मामलों में सबसे अधिक पीडीए वर्ग के लोग प्रभावित हुए हैं।

पश्चिम बंगाल में ईवीएम से जुड़े मामले पर टिप्पणी करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि वहां ईवीएम में आग लगने की घटना के पीछे कई राज छिपे हो सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि सच्चाई सामने आने के डर से ऐसी घटनाएं हो रही हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा नकारात्मक राजनीति करती है और इसी के सहारे राजनीति को आगे बढ़ाने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सकारात्मक राजनीति और विकास के मुद्दों पर जनता के बीच जा रही है।

शिक्षा के मुद्दे पर भी सरकार को घेरते हुए उन्होंने दावा किया कि आगरा में सैकड़ों प्राथमिक विद्यालय बंद हो चुके हैं। साथ ही उन्होंने पीडीए का नया अर्थ बताते हुए कहा कि 'पी' का मतलब प्रेम, 'डी' का मतलब दया और 'ए' का मतलब अपनापन है। समाज में प्रेम, दया और अपनापन बढ़ेगा तो प्रदेश और देश दोनों तेजी से आगे बढ़ेंगे।

इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर कई अन्य मुद्दों को लेकर भी हमला बोला और दावा किया कि आगामी चुनावों में जनता बदलाव का मन बना चुकी है