यूपी चुनाव से पहले अखिलेश यादव का बड़ा दांव, सपा ने 11 सीटों पर घोषित किए विधानसभा प्रभारी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी ने संगठन को मजबूत करने और चुनावी गतिविधियों को गति देने के लिए 11 विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी घोषित किए हैं। पार्टी की ओर से जारी सूची में बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, हाथरस, मथुरा, आगरा, शाहजहांपुर और जालौन की विधानसभा सीटों पर नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सपा की ओर से जारी सूची के मुताबिक, बागपत की बड़ौत विधानसभा सीट का प्रभारी सुरेंद्र तोमर को बनाया गया है। वहीं, गाजियाबाद की लोनी सीट पर अनिल कसाना और गाजियाबाद शहर सीट पर अभिषेक गर्ग को जिम्मेदारी दी गई है। गौतमबुद्धनगर की नोएडा विधानसभा सीट का प्रभारी मुकेश शर्मा को नियुक्त किया गया है।
इसी तरह हाथरस जिले की हाथरस विधानसभा सीट पर रामनारायण काके और सादाबाद सीट पर देवेंद्र अग्रवाल को प्रभारी बनाया गया है। मथुरा की छाता सीट की जिम्मेदारी लोकमणि जादौन को, जबकि मांट विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी संजय लाठर को बनाया गया है।
इसके अलावा आगरा की बाह विधानसभा सीट पर कृष्ण वर्मा निषाद, शाहजहांपुर की तिलहर सीट पर रौशनलाल वर्मा और जालौन की कालपी सीट पर श्रीराम पाल को विधानसभा प्रभारी नियुक्त किया गया है।
पहले पांच सीटों पर घोषित कर चुकी है प्रत्याशी
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी ने इससे पहले 24 नवंबर को पांच विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया था। इनमें सहारनपुर जिले की बेहट सीट से उमर अली खान और सहारनपुर शहर सीट से आशु मलिक को टिकट दिया गया है। वहीं, शामली की कैराना सीट से नाहिद हसन, अमरोहा सीट से महबूब अली और ललितपुर सीट से ज्योति लोधी को प्रत्याशी बनाया गया है।
सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर मंथन
वहीं, आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत जारी है। दोनों दल गठबंधन के तहत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। सीटों के बंटवारे को लेकर अब तक दो दौर की बातचीत हो चुकी है, जबकि आगे दो और दौर की चर्चा प्रस्तावित है।
ऐसे में सपा की ओर से विधानसभा प्रभारियों की नियुक्ति को चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम कदम माना जा रहा है। पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने के साथ ही चुनावी समीकरण साधने में जुटी है।
