Movie prime

‘हाफ एनकाउंटर’ पर इलाहाबाद हाईकोर्ट की UP पुलिस को फटकार- तारीफ और प्रमोशन के लिए चल रही गोलियां!

 
High Court
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने यूपी पुलिस के तथाकथित ‘हाफ एनकाउंटर’ तरीके पर गंभीर नाराज़गी जताई है। कोर्ट ने साफ शब्दों में कहा कि कुछ पुलिस अधिकारी सिर्फ तारीफ, समय से पहले प्रमोशन और सोशल मीडिया पर वाहवाही बटोरने के लिए अनावश्यक रूप से गोली चला रहे हैं, जो कानून के दायरे से बाहर है।

जस्टिस अरुण कुमार देशवाल की एकल पीठ ने पुलिस एनकाउंटर मामलों को लेकर छह अहम बिंदुओं में सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कोर्ट ने चेतावनी दी कि यदि सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस का पालन नहीं किया गया, तो संबंधित जिले के एसपी, एसएसपी और पुलिस कमिश्नर को व्यक्तिगत रूप से अवमानना का दोषी माना जाएगा।

“सज़ा देना पुलिस का काम नहीं”

हाईकोर्ट ने दो टूक कहा कि आरोपी को सज़ा देने का अधिकार केवल न्यायपालिका के पास है, पुलिस के पास नहीं। भारत एक लोकतांत्रिक देश है, जहां कानून संविधान के अनुसार चलता है, न कि किसी अधिकारी की व्यक्तिगत सोच या जल्दबाज़ी के आधार पर।

कोर्ट ने यह भी टिप्पणी की कि कई मामलों में पुलिस जानबूझकर आरोपी के घुटने के नीचे पैर में गोली मारती है, ताकि मामला ‘हाफ एनकाउंटर’ कहलाए और बहादुरी का श्रेय लिया जा सके। अदालत ने स्पष्ट किया कि कानून की नजर में यह तरीका पूरी तरह अस्वीकार्य है।

जमानत सुनवाई के दौरान सामने आई सख्ती

यह अहम टिप्पणी एक आरोपी की जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान सामने आई। आरोपी को पुलिस एनकाउंटर में गंभीर चोटें आई थीं। कोर्ट ने रिकॉर्ड देखने के बाद पाया कि घटना में किसी भी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई, जिससे हथियार इस्तेमाल करने की जरूरत और उसकी अनुपातिकता पर सवाल खड़े होते हैं।

सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस की अनदेखी पर नाराज़गी

हाईकोर्ट ने कहा कि पीयूसीएल बनाम महाराष्ट्र राज्य (2014) मामले में सुप्रीम कोर्ट ने एनकाउंटर को लेकर स्पष्ट गाइडलाइंस तय कर रखी हैं। इसके बावजूद उत्तर प्रदेश में बार-बार इन नियमों की अनदेखी की जा रही है, जो बेहद चिंताजनक है।

अदालत ने दो टूक कहा कि सिर्फ तारीफ, पुरस्कार या प्रशंसा पाने के लिए पुलिस को कानून अपने हाथ में लेने की इजाज़त नहीं दी जा सकती। कानून से ऊपर कोई नहीं है, चाहे वह वर्दी में ही क्यों न हो।