रामनगरी में अब दिखेगी ‘बच्चन’ की विरासत, अयोध्या में पिता की याद में अमिताभ बच्चन बनवाएंगे मेमोरियल
अयोध्या। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन अब अपने पिता और प्रसिद्ध कवि डॉ. हरिवंशराय बच्चन की स्मृतियों को अयोध्या में संजोने की तैयारी में हैं। रामनगरी में डॉ. हरिवंशराय बच्चन की स्मृति में मेमोरियल बनाने की योजना पर अब काम आगे बढ़ने लगा है। इसके लिए डॉ. हरिवंशराय बच्चन मेमोरियल ट्रस्ट ने अयोध्या विकास प्राधिकरण (ADA) में मानचित्र स्वीकृति की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रस्तावित मेमोरियल का निर्माण दशरथपथ के किनारे किया जाना है। ADA के सचिव राजेश कुमार मिश्र के मुताबिक, मेमोरियल का मानचित्र मंजूरी के लिए प्रस्तुत किया गया है। नियमानुसार मानचित्र को स्वीकृति देने से पहले संबंधित लोगों से आपत्तियां मांगी जाती हैं। इसके लिए 15 दिन का समय दिया गया है। इस अवधि में यदि कोई आपत्ति आती है तो उसका निस्तारण किया जाएगा, जिसके बाद मानचित्र स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
करीब 15 करोड़ रुपये में खरीदी थी जमीन
अमिताभ बच्चन ने डॉ. हरिवंशराय बच्चन ट्रस्ट की ओर से वर्ष 2023-24 में अयोध्या में करीब 54 हजार वर्ग फुट जमीन खरीदी थी। यह जमीन अभिनंदन लोढ़ा ग्रुप के द सरयू प्रोजेक्ट में करीब 15 करोड़ रुपये में खरीदी गई थी। राम मंदिर निर्माण के बाद अमिताभ बच्चन द्वारा अयोध्या में जमीन खरीदने की खबर काफी चर्चा में रही थी।
अब इसी जमीन पर उनके पिता की स्मृति में मेमोरियल बनाने की तैयारी है। इससे अयोध्या में बच्चन परिवार की मौजूदगी और भी खास हो जाएगी।
अंतिम चरण में है दशरथपथ का निर्माण
जिस इलाके में मेमोरियल प्रस्तावित है, वहां इन दिनों बुनियादी ढांचे का भी तेजी से विकास हो रहा है। अभिनंदन लोढ़ा ग्रुप की ओर से दशरथपथ के किनारे अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस आवासीय परिसर विकसित किया जा रहा है। इसी परियोजना में पांच सितारा होटल का निर्माण भी किया जा रहा है।
रामनगरी को दशरथ समाधि से जोड़ने वाले फोरलेन दशरथपथ का निर्माण अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। यह मार्ग सरयू नदी के अयोध्या-बिल्वहरिघाट तटबंध के समानांतर बनाया जा रहा है।
अभिनंदन लोढ़ा ग्रुप की आवासीय कॉलोनी एनटीपीसी के सोलर प्लांट के पास स्थित है। इसी क्षेत्र के नजदीक 67 किलोमीटर लंबे रिंग रोड का सरयू नदी पर करीब 4200 मीटर लंबा पुल भी बनाया जा रहा है। हालांकि, सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण फिलहाल पुल का निर्माण कार्य प्रभावित है।
यह रिंग रोड अयोध्या को बस्ती और गोंडा जिलों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा। ऐसे में आने वाले समय में दशरथपथ और आसपास का इलाका अयोध्या के प्रमुख विकसित क्षेत्रों में शामिल हो सकता है।
