फर्जी दस्तावेजों से जमीन बेचकर 33 लाख की ठगी, आजमगढ़ पुलिस ने गिरोह के 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार
आजमगढ़ I आजमगढ़ में शहर कोतवाली पुलिस ने जमीन के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस मुख्य आरोपी कृष्णचंद्र राय को गिरफ्तार कर चुकी है, जिस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।
शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि कंधरापुर थाना क्षेत्र के मधुबन गांव निवासी रूद्रांश राय ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कृष्णचंद्र राय और उसके परिजनों व सहयोगियों ने कोडर अजमतपुर स्थित जमीन को असली बताकर कूटरचित नक्शा और दस्तावेज दिखाए। आरोपियों ने किस्तों में भुगतान के नाम पर पीड़ित से कुल 33 लाख 30 हजार रुपये ले लिए।
जांच के दौरान पता चला कि जिस जमीन को दिखाया गया था, उसका अधिकांश हिस्सा बंजर था और गाटा संख्या भी असंबंधित थी। जब पीड़ित ने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी और फर्जी मुकदमे में फंसाने की बात कही। इसके बाद शहर कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस को सूचना मिली कि मामले से जुड़े आरोपी बाग लखराव पुलिया के पास मौजूद हैं। इसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके बैंक खातों में आई रकम को निकालकर मुख्य आरोपी और उसके परिवार के साथ बांट लिया गया था।
गिरफ्तार आरोपियों में अजमतपुर कोडर निवासी जितेन्द्र कुमार, अभय कुमार, विजय कुमार, महेन्द्र कुमार और दीपक शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी कृष्णचंद्र राय उर्फ केसी राय के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें सिधारी थाना में एक, बरदह में एक, शहर कोतवाली में तीन, जीयनपुर कोतवाली में एक, कंधरापुर थाना में पांच और कप्तानगंज थाना में एक मामला शामिल है। वहीं, इस मामले में शहर कोतवाली में एक और नई प्राथमिकी दर्ज की गई है।
