Movie prime

यूपी में बिगड़ा मौसम का मिजाज : पश्चिमी जिलों में हुई बारिश-ओलावृष्टि, जानें आगे कैसा रहेगा मौसम

 
Weather
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बिगड़ गया है। प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में देर रात से रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जबकि कई जिलों में ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। आगरा, मेरठ, अलीगढ़, हाथरस, फर्रुखाबाद, संभल समेत करीब 10 जिलों में लगातार बारिश दर्ज की गई है। वहीं मुजफ्फरनगर, बिजनौर, शामली और अमरोहा में मटर के दानों जितने ओले गिरे, जिससे सड़कों पर सफेद चादर बिछ गई और खेतों में खड़ी फसलें गिर गईं।

पूर्वांचल में घना कोहरा, ठंड ने फिर दी दस्तक

दूसरी ओर पूर्वांचल के जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है। लखनऊ, बाराबंकी, प्रयागराज समेत करीब 25 जिले बारिश जैसे घने कोहरे की चपेट में हैं। बर्फीली हवाओं के चलते ठंड एक बार फिर बढ़ गई है। सुबह और शाम गलन महसूस की जा रही है। सड़कों पर सन्नाटा पसरा है और बाहर निकलने वालों के हाथ सुन्न हो जा रहे हैं। कई जगहों पर लोग अलाव तापते नजर आए।

यातायात पर पड़ा असर, हादसों में 20 घायल

घने कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। लखनऊ और कानपुर समेत कई रेलवे स्टेशनों पर 30 से अधिक ट्रेनें देरी से चल रही हैं। एयरपोर्ट पर भी उड़ानों में विलंब हुआ। बीते 24 घंटों में कोहरे की वजह से चार सड़क हादसे हुए, जिनमें 15 वाहन आपस में टकरा गए और करीब 20 लोग घायल हो गए।

31 जिलों में बारिश का अलर्ट, 18 में कोल्ड डे की चेतावनी

मौसम विभाग ने प्रदेश के 31 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती समेत 18 जिलों में कोल्ड डे की चेतावनी दी गई है। विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक मौसम इसी तरह बिगड़ा रहेगा।

ठंड और बढ़ने के आसार

लखनऊ स्थित मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी के बाद वहां से आ रही ठंडी और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने ठंड बढ़ा दी है। पिछले 48 घंटों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। हरदोई 6.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा जिला दर्ज किया गया।

अचानक क्यों बदला मौसम?

मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत का कहना है कि नया पश्चिमी विक्षोभ 2 फरवरी तक उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इसके चलते हिमालयी क्षेत्रों में तेज बारिश और बर्फबारी हो रही है। इसका असर गंगा के मैदानी इलाकों में दिख रहा है, जहां तापमान में गिरावट के साथ शीतलहर जैसी स्थिति बन रही है।