Movie prime

लखनऊ में BCA छात्रा की घर में गला रेतकर हत्या, क्लासमेट गिरफ्तार; दो सालों से था अफेयर

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। राजधानी के पारा थाना क्षेत्र के नरपतखेड़ा इलाके में बुधवार को 17 वर्षीय बीसीए छात्रा की उसके ही घर में धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वारदात के समय छात्रा घर में अकेली थी। घटना का खुलासा तब हुआ, जब उसकी बड़ी बहन कॉलेज से लौटकर घर पहुंची और पहली मंजिल के कमरे में बहन का खून से लथपथ शव देखा। कमरे में छात्रा का क्लासमेट भी गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल युवक का इलाज कराने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।


बीसीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी स्मृति

मृतका की पहचान स्मृति पांडेय (17) के रूप में हुई है, जो टीएस मिश्रा कॉलेज में बीसीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय स्मृति की बड़ी बहन कॉलेज गई हुई थी, जबकि माता-पिता अपने गृह जनपद अमेठी में थे।

दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बड़ी बहन घर लौटी तो मुख्य दरवाजा खुला मिला। ऊपर कमरे में पहुंचने पर उसने स्मृति को मृत अवस्था में और उसके सहपाठी देवांश पाठक को घायल हालत में देखा। इसके बाद उसने पुलिस और परिजनों को सूचना दी।


पुलिस का दावा- आरोपी चाकू लेकर पहुंचा था

डीसीपी कमलेश दीक्षित के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी देवांश पाठक छात्रा के घर पहले से योजना बनाकर पहुंचा था और अपने साथ सब्जी काटने वाला चाकू भी लाया था। पुलिस का कहना है कि आरोपी को शक था कि स्मृति किसी अन्य युवक से बातचीत करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि विवाद के दौरान छात्रा ने अपनी कलाई काटने की कोशिश की और चाकू छीनने के दौरान उसे भी चोट लगी। इसके बाद गुस्से में उसने छात्रा के गले पर हमला कर दिया।

हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। शुरुआती जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात भी सामने आई है। दोनों ने इंटरमीडिएट साथ में करने के बाद एक ही कॉलेज में बीसीए में प्रवेश लिया था। पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।


पड़ोसियों ने सुनी थीं चीखें

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के दौरान घर से चीखने और बहस की आवाजें सुनाई दी थीं, लेकिन उन्होंने इसे पारिवारिक मामला समझकर हस्तक्षेप नहीं किया। बाद में छात्रा की हत्या की जानकारी मिलने पर इलाके में सनसनी फैल गई।


परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

स्मृति के पिता शैलेंद्र पांडेय भारतीय सेना से नायब सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में एनसीसी में प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। मां गृहिणी हैं, जबकि भाई प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है। घटना के समय परिवार के सदस्य अमेठी गए हुए थे।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।