Movie prime

मानसून की विदाई से पहले फिर बिगड़ा मौसम का मिजाज, गंगा-यमुना का बढ़ा जलस्तर, जानें आज कैसा रहेगा मौसम

 
Weather
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश में मानसून की विदाई का समय नजदीक है, लेकिन मौसम अभी भी अपना असर दिखा रहा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पिछले तीन-चार दिनों से बारिश का दौर जारी है। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है और नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है। कई जगह लोगों के घरों तक बारिश का पानी पहुंच गया है।

इस बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी और बहुत भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, ज्योतिबा फुले नगर, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, बलरामपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, गोरखपुर, महाराजगंज, कुशीनगर और देवरिया में भारी बारिश का येलो अलर्ट है।

वहीं बहराइच, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद और बिजनौर में बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

गंगा-यमुना का बढ़ा जलस्तर

प्रयागराज में गंगा और यमुना नदियों का जलस्तर एक बार फिर बढ़ रहा है। बीते 24 घंटे में नैनी में यमुना का जलस्तर 163 सेंटीमीटर बढ़ा है। वहीं फाफामऊ में गंगा का जलस्तर 33 सेंटीमीटर और छतनाग में 163 सेंटीमीटर बढ़ा है।

सुबह 8 बजे नैनी में यमुना का जलस्तर 80.16 मीटर दर्ज किया गया। फाफामऊ में गंगा का जलस्तर 79.62 मीटर, जबकि छतनाग में 79.68 मीटर रहा। फिलहाल दोनों नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं, लेकिन बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

घाटों पर रहने वाले दुकानदार, घाटिया और तीर्थ पुरोहित भी एहतियात के तौर पर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे हैं। जिला प्रशासन के मुताबिक सिंचाई विभाग के सभी बांध फिलहाल सुरक्षित हैं।

अब धीरे-धीरे कम होगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अब बारिश की गतिविधियों में कमी आने के आसार हैं। मंगलवार तक पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी भी देखने को मिल सकती है।

अगले एक-दो दिनों में झमाझम बारिश का दौर काफी हद तक खत्म होने की संभावना है। इसके बाद बारिश का असर मुख्य रूप से तराई वाले इलाकों तक सीमित रह सकता है। सितंबर के अंत तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की और छिटपुट बारिश जारी रहने के आसार हैं।

अक्टूबर से साफ होगा मौसम, तेजी से बढ़ेगा तापमान

अक्टूबर की शुरुआत के साथ प्रदेश में मौसम सामान्य और साफ होने की संभावना है। बारिश और हवाओं की गतिविधियां कम होने के बाद दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक अगले एक सप्ताह में प्रदेश के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। यानी बारिश के बाद अब यूपी में गर्मी एक बार फिर अपना असर दिखा सकती है।