Movie prime

Best CM Survey 2026: योगी आदित्यनाथ बने देश के नंबर-1 मुख्यमंत्री, 1000 में मिले 897 अंक

 
CM Yogi
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फेम इंडिया मैगजीन और एशिया पोस्ट के संयुक्त 'बेस्ट चीफ मिनिस्टर सर्वे 2026' में पहला स्थान हासिल किया है। सर्वे के मुताबिक, योगी आदित्यनाथ को 1000 में से 897 अंक मिले हैं। वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 881 अंकों के साथ दूसरे और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा 874 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

इस सर्वे में मुख्यमंत्रियों के नेतृत्व, प्रशासनिक क्षमता, कार्यशैली, लोकप्रियता और शासन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का आकलन किया गया। कुल 15 मुख्यमंत्रियों को शामिल करते हुए तैयार की गई रैंकिंग में शीर्ष 10 को 'बेस्ट चीफ मिनिस्टर' श्रेणी में रखा गया, जबकि 11वें से 15वें स्थान तक के मुख्यमंत्रियों को 'मुख्यमंत्री पंचरत्न' श्रेणी में जगह दी गई।

तीन से चार महीने तक चली सर्वे की प्रक्रिया

फेम इंडिया और एशिया पोस्ट की ओर से यह सर्वे करीब तीन से चार महीने तक चलाया गया। इसमें आम जनता की राय, प्रबुद्ध वर्ग के विचारों और नागरिकों के अनुभवों को समझने के लिए तीन चरणों में सर्वेक्षण किया गया।

पहले चरण में सोशल मीडिया और पारंपरिक मीडिया पर मुख्यमंत्रियों को लेकर होने वाली चर्चाओं, खबरों और जनधारणा का अध्ययन किया गया। दूसरे चरण में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों, बुद्धिजीवियों और विशेषज्ञों की राय को शामिल किया गया।

तीसरे चरण में आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनके विचार और अनुभव जाने गए। इन तीनों चरणों से जुटाई गई जानकारी का विश्लेषण करने के बाद मुख्यमंत्रियों की रैंकिंग तैयार की गई।

10 मानकों पर हुआ मुख्यमंत्रियों के कामकाज का आकलन

सर्वे में मुख्यमंत्रियों की कार्यक्षमता और नेतृत्व को परखने के लिए 10 प्रमुख मानक निर्धारित किए गए थे। इनमें सुशासन, कानून-व्यवस्था, व्यक्तित्व, छवि, कार्यक्षमता, प्रभाव, विभागों की समझ, लोकप्रियता, दूरदर्शिता और कार्यशैली के साथ परिणामों को शामिल किया गया।

सुशासन के तहत पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसेवा की गुणवत्ता को महत्व दिया गया। वहीं, कानून-व्यवस्था के आकलन में नागरिकों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और कानून के शासन जैसे पहलुओं को शामिल किया गया।

इसके अलावा मुख्यमंत्रियों की निर्णय लेने की क्षमता, संवाद कौशल, प्रशासनिक दक्षता, सरकारी नीतियों का प्रभाव, विभागों की समझ और भविष्य की योजनाओं का भी मूल्यांकन किया गया। शासन के दौरान हासिल किए गए परिणामों को भी रैंकिंग का आधार बनाया गया।

सर्वे में इन सभी मानकों पर मिले अंकों को जोड़कर 1000 अंकों के पैमाने पर अंतिम रैंकिंग तैयार की गई। इसमें योगी आदित्यनाथ 897 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहे, जबकि पुष्कर सिंह धामी और हिमंत बिस्वा सरमा क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।