शादी के सपने अधूरे छोड़ सीमा पर शहीद हुआ भदोही का वीर सपूत धीरज गुप्ता
भदोही I भदोही जिले के औराई कोतवाली क्षेत्र के जेठुपुर गांव निवासी अग्निवीर सैनिक धीरज गुप्ता जम्मू-कश्मीर में आतंकी सर्च ऑपरेशन के दौरान शहीद हो गए। बुधवार देर शाम सीमा पर चल रहे अभियान में आतंकियों की गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद उनका निधन हो गया।
धीरज गुप्ता स्वर्गीय रामसुंदर के पुत्र थे और लगभग चार वर्ष पहले अग्निवीर योजना के तहत भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। उनकी सेवा के चार वर्ष पूरे होने में अभी चार महीने शेष थे। उनके शहीद होने की खबर मिलते ही पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई।
परिवार में उनकी मां जयदेवी, चार बहनें और दो छोटे भाई हैं। परिवार खेती-किसानी से जुड़ा हुआ है। धीरज के शहीद होने की जानकारी फिलहाल उनके भाइयों को ही मिली है। सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया और भाइयों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
सबसे मार्मिक बात यह है कि आगामी 20 अप्रैल को धीरज की शादी तय थी। बरात सीतामढ़ी कटरा जानी थी और घर में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। उनके साथी धीरेंद्र मौर्य ने बताया कि परिवार खुशी की तैयारियों में जुटा था, लेकिन अचानक आई इस दुखद खबर ने सब कुछ बदल दिया।
धीरज गुप्ता की शहादत से जहां परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे क्षेत्र में गर्व और शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि धीरज ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है और उनका नाम सदैव सम्मान के साथ लिया जाएगा।
