BJP स्थापना दिवस: 47 साल पूरे होने पर CM योगी ने दी बधाई, बोले- यह विकास यात्रा सत्ता की नहीं, संस्कार की है
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (BJP) आज यानी 6 अप्रैल को अपना स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर देशभर में पार्टी की ओर से कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए भाजपा की विचारधारा और यात्रा को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिया।
“सत्ता नहीं, संस्कार की यात्रा है भाजपा”
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि भाजपा की यह विकास यात्रा सत्ता प्राप्त करने की नहीं, बल्कि संस्कार और विचारों की यात्रा है।
उन्होंने कहा कि पार्टी के हर कार्यकर्ता ने निष्ठा और निःस्वार्थ भाव से ‘विकसित भारत’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है।
विचारधारा से बना विशाल संगठन
सीएम योगी ने अपने संदेश में कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों और मूल्यों से प्रेरित एक जीवंत विचार परंपरा है।
उन्होंने ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना को भाजपा की ताकत बताते हुए कहा कि आज यह संगठन एक विशाल वटवृक्ष बन चुका है, जो करोड़ों देशवासियों की आशाओं को शक्ति दे रहा है।
‘अंत्योदय से राष्ट्रोदय’ का लक्ष्य
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है। ‘अंत्योदय से राष्ट्रोदय’ के इसी संकल्प के साथ पार्टी निरंतर आगे बढ़ रही है।
केशव मौर्य ने भी दी बधाई
वहीं, उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी एक वीडियो साझा कर पार्टी कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी से लेकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक की यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि आज देश प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
देशभर में आयोजन
भाजपा स्थापना दिवस के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा और उपलब्धियों से अवगत कराया जा रहा है।
